भारतीय जनता पार्टी की वरिष्ठ नेता और केन्द्रीय मानव संसाधन मंत्री स्मृति ईरानी ने बिहार की कानून व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर करारा प्रहार करते हुए रविवार को कहा कि नीतीश राज में बहनों की इज्जत महफूज नहीं है।
ईरानी ने किशनगंज जिले के कोचाधामन क्षेत्र बिशनपुर में एक चुनावी सभा को सम्बोधित करते हुए भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में वोट मांगा।

उन्होंने भाजपा प्रत्याशी अब्दूर रहमान की गरीबी पर चर्चा करते हुए कहा कि जब हमारे प्रधानमंत्री के नाम का चयन हुआ था तो महागठबंधन के लोग चाय बेचने वाला कहकर मजाक उड़ाया करते थे, लेकिन जनता ने उन्हें वोट देकर प्रधानमंत्री की कुर्सी पर बैठाया, वही अब बिहार प्रदेश में होने जा रहा है।

केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि महागठबंधन के नेताओं ने मुसलमानों को भाजपा का डर दिखाकर गुमराह किया है और इस प्रदेश में आज तक राज किया है, लेकिन उन लोगों ने कभी स्वास्थ ,शिक्षा और रोजगार की चिंता नहीं की और न ही हमारी बहनों की इज्जत को महफूज रखा।

उन्होंने कहा कि जब हमारे मोदी भाई इस देश के प्रधानमंत्री बनकर सांसद भवन पहुँचे तो सांसद की चौखट पर माथा टेककर उन्होंने कहा कि मैं इस देश का प्रधानमंत्री नहीं सेवक हूं। उनकी यह इच्छा शक्ति थी कि देश के हर गरीब को बैंक से जोडऩे के लिए नि:शुल्क खाता खोलने का आदेश बैंको को दिया और हमारे राष्ट्र के स्वाभिमानी गरीब जनता ने अब तक 22 हजार करोड़ रूपए उन खतों जमा करवाया है।

अपने संबोधन में स्मृति ने केन्द्र सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला, वहीं नीतीश सरकार की जमकर आलोचना की।