सुकमा

सुकमा के जंगलों में CRPF की बड़ी कार्रवाई! नक्सलियों की बड़ी साजिश नाकाम, 18 किलो विस्फोटक बरामद…

Sukma Naxal operation: सुकमा जिले में नक्सल प्रभावित इलाके में सुरक्षा बलों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नक्सलियों की एक बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया है।

2 min read
Mar 14, 2026
सुकमा के जंगलों में CRPF की बड़ी कार्रवाई! नक्सलियों की बड़ी साजिश नाकाम, 18 किलो विस्फोटक बरामद...(photo-patrika)

Sukma Naxal operation: छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में नक्सल प्रभावित इलाके में सुरक्षा बलों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नक्सलियों की एक बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया है। जंगल में छिपाकर रखा गया विस्फोटक और अन्य सामग्री का डंप बरामद किया गया है। इस कार्रवाई को नक्सलियों के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।

Sukma Naxal operation: खुफिया सूचना के आधार पर चला ऑपरेशन

सुरक्षा बलों को सूचना मिली थी कि सुकमा क्षेत्र के ग्राम गोमगुड़ा के पोडियमपारा इलाके में नक्सलियों ने विस्फोटक और अन्य सामग्री छिपाकर रखी है। सूचना मिलते ही केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की 226 बटालियन की सी कंपनी ने 14 मार्च 2026 की सुबह करीब 5:50 बजे विशेष एंबुश ऑपरेशन शुरू किया।

घेराबंदी कर चलाया गया सर्च अभियान

यह अभियान सहायक कमांडेंट जी. नबी के नेतृत्व में चलाया गया, जबकि कमांडेंट एच.पी. सिंह और द्वितीय कमान अधिकारी बीरेंद्र कुमार के मार्गदर्शन में पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया गया। जवानों ने एफओबी गोमगुड़ा से करीब एक किलोमीटर पश्चिम स्थित पोडियमपारा क्षेत्र की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू किया।

घने जंगल और कठिन परिस्थितियों के बीच जवानों ने इलाके की गहन तलाशी ली। इस दौरान संदिग्ध नक्सली डंप साइट का पता चला। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पूरे क्षेत्र को घेरकर के-9 और बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल (BDD) स्क्वॉड की मदद से जांच की गई।

18 किलो अमोनियम नाइट्रेट समेत कई सामान बरामद

तलाशी के दौरान करीब 18 किलोग्राम अमोनियम नाइट्रेट, काला तिरपाल प्लास्टिक, पिट्ठू बैग, स्लीपिंग बैग, नक्सली पत्रिका, चाकू, मेडिकल और मेस से जुड़ी सामग्री, इलेक्ट्रिकल वायर, चार्जर, डेटा केबल, बैटरी, स्विच, ड्राइंग मैप चार्ट पेपर और 50 लीटर का ब्लू ड्रम बरामद किया गया।

इसके अलावा स्टील का टिफिन बॉक्स, चाय का गिलास, तांबे की पानी की बोतल, छाता और कपड़े भी मिले हैं। इससे आशंका जताई जा रही है कि नक्सली इस इलाके में लंबे समय तक ठहरने या किसी बड़ी वारदात की तैयारी में थे। सुरक्षा बलों की समय पर कार्रवाई से उनकी योजना विफल हो गई।

सुरक्षा बलों ने बढ़ाई निगरानी

बरामद सभी सामग्री को सुरक्षा मानकों के तहत जब्त कर लिया गया है। घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा बलों ने सर्च ऑपरेशन और निगरानी बढ़ा दी है। अधिकारियों का कहना है कि नक्सल विरोधी अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा, ताकि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Published on:
14 Mar 2026 05:18 pm
Also Read
View All

अगली खबर