गादीरास इलाके के चार पंचायत के करीब 50 गांव विगत एक सप्ताह से अंधेरे में है। गादीरास-कोर्रा 11 केवी लाइन क्षतिग्रस्त होने से इस इलाके की बिजली गुल है जबकि शिकायत के बावजूद विद्युत विभाग ने लाइन को दुरूस्त करने कोई कार्रवाई नही की है।
कोर्रा, डोडपाल, गोरली व चिंगामव ग्राम पंचायत के गांव में अंधेरा पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने बताया, गादीरास से कोर्रा क्षेत्र की ओर जाने वाली 11 केवी विद्युत लाइन का एक पोल माटेमारका के पास क्षतिग्रस्त हो गया है। इससे एक हफ्ते से बिजली गुल है। गादीरास सब स्टेशन में शिकायत के बावजूद लाइन दुरूस्त नहीं किया गया है।
कर्मचारियों की मनमानी, लोगों को झेलनी पड़ रही मुसीबत
ग्रामीणों ने का कहना है, सबस्टेशन में पदस्थ कर्मचारियों की मनमानी के वजह लोगों को मुसीबत झेलनी पड़ रही है। लोगों ने सबस्टेशन के लाइनमेन को हटाने की मांग की है। ग्रामीणों ने लाइन दुरूस्त नहीं करने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है। सीपीाई नेता देवा सोढ़ी, पोज्जाराम मरकाम, शैलेंद्र कश्यप, रामलाल कश्यप, बोटीराम नाग, बीके मरकाम, हडमा माड़वी के साथ चार ग्राम पंचायतों के सरपंच-पंच ने कलक्टर व विद्युत विभाग के अधिकारियों को शिकायत पत्र दिया है।