प्रधानमंत्री को उपवास की नहीं वनवास की है जरूरत : संजय सिंह
सुल्तानपुर. जिले के दीवानी न्यायालय में जमानत लेने पहुंचे आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने बीजेपी उपवास कार्यक्रम पर चुटकी लेते हुए कहा कि नरेन्द्र मोदी दुनिया के ऐसे पीएम हैं जो अपनी और देश की अन्य पार्टियों के विरोध में अनशन पर बैठे है।
यानि मोदी ने यह संकेत दे दिया है कि वह विपक्ष में बैठेंगे अौर धरना प्रदर्शन करेंगे।
संजय ने कहा कि जब दिल्ली के चुनाव में 2014-15 में केजरीवाल धरने पर बैठे थे तब मोदी ने कहा था कि धरना प्रदर्शन करने वालों को धरना प्रदर्शन की जिम्मेदारी दी जाए और हमें सरकार चलाने की जिम्मेदारी दे दी जाए।
यह भी पढ़ें- अखिलेश यादव की बढ़ी मुश्किल, अब उनके इस खास नेता की जाएगी कुर्सी, सपा नेताओं में हलचल
उन्होंने कहा कि अब मोदी को उपवास की नहीं वनवास की जरूरत है। अब मोदी जी को दूसरी पार्टियों के देश सेवा का मौका देना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश की योगी सरकार में दलितों और महिलाओं पर अत्याचार की घटनाएं हो रही हैं ।रोज एक से बढ़कर एक गम्भीर घटनाएं हो रही हैं । सरकार अपराध रोकने में असमर्थ है । भाजपा विधायक रेप और हत्या की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं ।
वहीं महागठबंधन के सवाल पर संजय ने कहा कि बीजेपी ने खुद कश्मीर की पीडीपी जैसी पार्टी से गठबंधन किया है जो अफजल गुरु जैसे लोगों को शहीद मानती है। पाकिस्तान की करेंसी चलाना चाहती है कश्मीर का अपना सुप्रीम कोर्ट और अपने राज्यपाल का चुनाव करवाने की बात कहती है। पीडीपी जैसी पार्टी से गठबंधन करके सरकार चला रही है लिहाजा उसे गठबंधन के मुद्दे पर बोलने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।