भारतीय जनता पार्टी के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह सुलतानपुर में गिनाईं सरकारा की उपलब्धियां
पत्रिका न्यूज नेटवर्क
सुलतानपुर. भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह जिले की सबसे बड़ी ग्रामसभा कुड़वार के रामलीला मैदान में पंचायत चुनाव का बिगुल फूंका। चौपाल लगाकर बीजेपी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। इस दौरान उन्होंने सपा, बसपा व कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि ये पार्टियां लूटने के लिए सरकार बनाती हैं और वंशवाद-परिवारवाद को खुशहाल बनाती हैं, जबकि भाजपा गरीबों की सेवा के लिए सरकार बनाती है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने मोदी-योगी की तुलना तपस्वी और त्यागियों से की। कहा कि ये गरीबों की सेवा करते हैं। दोनों विकास पुरुष हैं। भ्रष्टाचार पर इन दोनों ने कड़ा वार किया है। विकास के ही कारण आज पूरा विश्व भारत की ओर देख रहा है। अयोध्या और दुबई में राम मंदिर का निर्माण हो रहा है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि परिवारवाद वंशवाद से दूर रहकर भारतीय जनता पार्टी ने योग्य व कर्मठ लोगों को संगठन व सरकार के पद पर बैठाने का काम किया है। हमारी पार्टी में एक आम कार्यकर्ता भी संगठन व सत्ता के शीर्ष पर बैठने का सपना देख सकता है, जबकि सपा-बसपा व कांग्रेस में परिवारवाद के चलते आम कार्यकर्ता शीर्ष पदों से दूर ही रहते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 40 लाख प्रधानमंत्री आवास बन चुके हैं। शौचालय, किसान सम्मान निधि, उज्जवला गैस, आयुष्मान कार्ड प्रत्येक परिवार को देने का अभियान चल रहा है। आने वाले वर्षों में पूरा प्रदेश विकास की ओर गतिशील होगा।