
सुल्तानपुर. सोची समझी साजिश के तहत किसान सहकारी चीनी मिल के प्रधान प्रबंधक और उनके 4 अन्य सहयोगियों पर फ्रॉड सहित कई अन्य गम्भीर धाराओं में मुकदमा दर्ज होगा। उनके ऊपर गम्भीर आरोप यह है कि किसान सहकारी चीनी मिल के प्रधान प्रबंधक ने चीनी मिल में कार्यरत एक बाबू के स्थान पर दूसरे की नियुक्ति कर दी। इस कार्य में उनके 4 बाबुओं ने उनका भरपूर सहयोग दिया। चीनी मिल में कार्यरत एक बाबू को लिपिक की नौकरी से हटाकर एक सोची समझी रणनीति के तहत दूसरे को रखने के मामले में अदालत ने सहकारी चीनी मिल के प्रधान प्रबंधक, लेखाधिकारी समेत चार कर्मियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच के आदेश दिये हैं।
साजिश के तहत नौकरी से निकाला
सीजेएम आशा रानी सिंह ने अभियोगी के साक्ष्यों पर संज्ञान लेते हुए थानाध्यक्ष को आदेशित किया है। मामला गोसाईगंज थाना क्षेत्र स्थित किसान सहकारी चीनी मिल से जुड़ा है। जहां पर मौजूदा समय में लिपिक पद पर तैनात किये गये सुनील कुमार सिंह निवासी निरालानगर ने सीजेएम कोर्ट में अर्जी दी। जिसमें आरोप है कि चीनी मिल के प्रधान प्रबंधक कामता प्रसाद शुक्ल, लेखाधिकारी और विधि प्रभारी लालजी शुक्ल, कार्यालय अधीक्षक जनार्दन तिवारी ने साजिश के तहत अभियोगी को मिल में विधिक लिपिक का पद ही न होने की बात कहते हुए हटा दिया आैर उसके स्थान पर अपने मनचाहे प्रवीण कुमार तिवारी को तैनात कर दिया।
कोर्ट ने दिए जांच के निर्देश
जब सुनील सिंह ने उच्चाधिकारियों तक लिखा-पढ़ी की तो हरकत में आये विभागीय कर्मियों ने उसे विधिक लिपिक के बजाय मात्र लिपिक पद पर रख लिया। जिसे कई महीनो तक न तो वेतन ही दिया गया आैर न अन्य विभागीय सुविधाएं दी गईं। यहां तक कि तरह-तरह के तरीकों से उसका शोेषण भी किया गया। इस मामले में संज्ञान लेते हुए सीजेएम आशारानी सिंह ने गोसाईगंज थानाध्यक्ष को मामले में प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कर जांच के आदेश दिये हैं।