
Uttar Pradesh News:सुलतानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर रविवार सुबह हुए हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब लखनऊ से सूबेदार सत्यवान सिंह का पार्थिव शरीर एंबुलेंस से गाजीपुर ले जाया जा रहा था। हलियापुर थाना क्षेत्र के जरई कला के पास करीब 8:30 बजे एंबुलेंस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुख जताते हुए अधिकारियों को मृतकों के परिजनों से बातचीत कर हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
पुलिस के मुताबिक, हादसा पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर माइलस्टोन 79.6 किलोमीटर के पास हुआ। एंबुलेंस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा घुसी। टक्कर के बाद उसका केबिन पिचक गया और ड्राइवर का शव स्टेयरिंग में फंस गया। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची। घायलों को अयोध्या के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान दो लोगों की मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक, देवरिया के रुद्रपुर निवासी सूबेदार मेजर सत्यवान कुछ दिन पहले पंचकुला में शहीद हुए थे। उनके परिजन शव लेने पंचकुला पहुंचे थे। शनिवार देर रात परिवार के लोग एंबुलेंस से पार्थिव शरीर लेकर देवरिया के लिए रवाना हुए थे। हादसे के बाद शहीद सूबेदार मेजर सत्यवान का पार्थिव शरीर हलियापुर थाने में सम्मान के साथ सुरक्षित रखवाया गया।
हादसे में एंबुलेंस के आगे बैठे लोगों और चालक को गंभीर चोटें आईं। चालक जसपाल का शव एंबुलेंस के अगले हिस्से में बुरी तरह फंस गया था। राहत टीम ने गैस कटर की मदद से एंबुलेंस का अगला हिस्सा काटकर शव को बाहर निकाला। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।
पुलिस की अब तक की जांच में हादसे की वजह चालक को नींद की झपकी आना मानी जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एंबुलेंस की रफ्तार तेज थी और अचानक वह बेकाबू होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। पुलिस मामले की विधिक कार्रवाई कर रही है।
वहीं, सीएम योगी ने एक्स पोस्ट में कहा कि जनपद सुलतानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर हुई दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना में जनहानि अत्यंत दुःखद है। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। अधिकारियों को परिजनों से संवाद कर हर संभव सहायता उपलब्ध करवाने हेतु निर्देश दिए हैं।प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को सद्गति प्रदान करें।