सुल्तानपुर में एक बहू नकदी और जेवर लेकर मायके चली गई। इस दौरान बहू ने जेठानी को एक कमरे में बंद कर दिया था। बहू को ससुर ने जब फोन किया तो उसने कहा कि मैं वापस नहीं आऊंगी।
सुल्तानपुर : उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले से एक दिलचस्प मामला सामने आया है। यहां एक बहू पर ससुराल से गहने, कपड़े और नकदी चुराकर अपने मायके भाग जाने का आरोप लगा है। इस संबंध में ससुर की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इलियास खान ने चांदा थाने में दी गई अपनी शिकायत में बताया कि 25 जुलाई को दोपहर में उनकी पुत्रवधू रुवैदा अपनी मां, बहनोई सोनू और दो अन्य अज्ञात व्यक्तियों के साथ उनके घर आई। उस समय परिवार के अन्य सदस्य पुराने घर पर गए हुए थे। आरोप है कि रुवैदा ने घर में मौजूद अपनी जेठानी को एक कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद उसने अपने सभी गहने, कपड़े और अपनी सास के गहने समेट लिए। इतना ही नहीं, रुवैदा ने इलियास खान की जेब से 12,000 रुपये नकद भी निकाल लिए।
ये भी पढ़ें
जब परिवार के अन्य सदस्य घर लौटे, तो उन्हें पूरी घटना की जानकारी हुई। इसके बाद से परिवार के लोग रुवैदा से फोन पर संपर्क करने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन वह किसी और को फोन देकर बात करने से मना कर रही है। उसने साफ कह दिया है कि वह वापस नहीं आएगी।
इलियास खान ने पुलिस को बताया कि जब वे रुवैदा से बात करने के लिए उसके मायके गए, तो वहां उसके भाई और परिवार के अन्य सदस्यों ने उन्हें गालियां दीं और मारपीट की धमकी भी दी। पीड़ित इलियास खान ने पुलिस से इस मामले में कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
चांदा के इंस्पेक्टर एके सिंह ने इस मामले पर जानकारी देते हुए बताया कि इलियास खान की तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है और मामले की गहनता से विवेचना की जा रही है। पुलिस अब चोरी किए गए सामान की बरामदगी और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।