
सांकेतिक फोटो सोर्स पत्रिका
यूपी के सुलतानपुर जिले में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे गांव को गम में डुबो दिया। अखण्डनगर थाना क्षेत्र के अलाउद्दीनपुर गांव के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने दो सगे भाइयों को कुचल दिया। जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों भाई जौनपुर जिले के खुटहन इलाके से डीजे कार्यक्रम खत्म कर लौटे थे। मजदूर वाहन से सामान उतार रहे थे। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। जबकि गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। पुलिस अज्ञात बोलेरो वाहन की तलाश में जुटी है।
रविवार रात सरैया मुबारकपुर गांव के रहने वाले प्रदीप कुमार और उनके भाई अनिल कुमार रोज की तरह काम खत्म कर घर लौटे थे। बताया जा रहा है कि दोनों भाई जौनपुर के खुटहन क्षेत्र में डीजे बजाने का काम करते थे। देर रात जब वे अखण्डनगर थाना क्षेत्र के अलाउद्दीनपुर गांव के पास वाहन से सामान उतार रहे थे। तभी तेज रफ्तार में आ रही एक अज्ञात बोलेरो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों भाई सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत एम्बुलेंस बुलाकर दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अखण्डनगर पहुंचाया। लेकिन वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। एक ही परिवार के दो बेटों की मौत की खबर मिलते ही घर में चीख-पुकार मच गई। मां-बाप और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोग भी इस हादसे से स्तब्ध हैं। सोमवार सुबह जब दोनों भाइयों के शव गांव पहुंचे तो माहौल बेहद गमगीन हो गया।
क्षेत्राधिकारी कादीपुर विनय गौतम का कहना है कि दोनों युवक सड़क किनारे खड़े थे। तभी अज्ञात बोलेरो ने उन्हें टक्कर मार दी। पुलिस ने शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है। फरार वाहन की तलाश जारी है।
Updated on:
11 May 2026 11:43 am
Published on:
11 May 2026 11:42 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
