
टक्कर के बाद पलटा डंपर फोटो सोर्स पत्रिका
गोंडा जिले के नवाबगंज क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर बड़ा सड़क हादसा हो गया। राजा राम चौराहे के पास आमने-सामने आए दो डंपरों की जोरदार टक्कर में बालू से भरा डंपर सड़क किनारे गहरी खाई में पलट गया। हादसे के बाद चालक और खलासी वाहन में फंस गए। मौके पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों ने घंटों की मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
गोंडा जिले के नवाबगंज इलाके में शुक्रवार को दो डंपरों की टक्कर से अफरा-तफरी मच गई। हादसा राजा राम चौराहे से कुछ दूरी पहले हुआ। जहां तेज रफ्तार में आ रहे दो भारी वाहन आमने-सामने भिड़ गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बालू से भरा एक डंपर सड़क से नीचे करीब 15 फीट गहरी खाई में जा पलटा। जानकारी के अनुसार, एचजी कंपनी का डंपर ढेमवाघाट से बालू लेकर तुलसीपुर स्थित प्लांट की ओर जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे खाली डंपर से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद बालू लदा डंपर बुरी तरह पलट गया। उसमें बैठे चालक व खलासी अंदर ही फंस गए।
घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जुट गई। सड़क पर लंबा जाम लग गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया। खलासी को काफी प्रयास के बाद बाहर निकाल लिया गया, लेकिन चालक का पैर स्टेरिंग और केबिन के हिस्से में बुरी तरह फंस गया था। उसे निकालने में काफी दिक्कत आई।
सूचना मिलने पर नवाबगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष अभय सिंह ने खुद राहत कार्य की कमान संभाली। क्रेन मंगाकर डंपर को हटाने की कोशिश की गई। लेकिन सफलता नहीं मिली। बाद में कटर मशीन की मदद से डंपर का दरवाजा और स्टेरिंग काटा गया। तब जाकर चालक को सुरक्षित बाहर निकाला जा सका। घायल चालक को तुरंत नवाबगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। जहां प्राथमिक इलाज के बाद उसे तुलसीपुर स्थित प्लांट भेज दिया गया। बताया गया कि चालक फतेहपुर जिले के लिलरा गांव का रहने वाला है। वहीं हादसे के बाद दूसरा डंपर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
Updated on:
08 May 2026 10:04 pm
Published on:
08 May 2026 10:03 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
