
पीड़ित पति फोटो सोर्स पत्रिका
गोण्डा जिले के मोतीगंज क्षेत्र में एक पति ने अपनी पत्नी और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पति का कहना है कि उसने मेहनत मजदूरी कर पत्नी को एएनएम की पढ़ाई कराई। यहां तक कि तीन भैंसें तक बेच दीं। अब पत्नी नर्स बनने के बाद उसके साथ रहने से इनकार कर रही है। तलाक के लिए 10 लाख रुपये मांग रही है। पीड़ित ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है।
गोण्डा जिले के मोतीगंज थाना क्षेत्र के चपरतल्ला कौरहे गांव के रहने वाले राजेश कुमार वर्मा ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में अपनी पत्नी और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। राजेश के अनुसार उसकी शादी वर्ष 2001 में रेनू वर्मा के साथ हुई थी। जबकि गौना वर्ष 2018 में हुआ। गौने के बाद पत्नी ने एएनएम कोर्स करने की इच्छा जताई। जिस पर उसने अपनी आर्थिक स्थिति कमजोर होने के बावजूद पत्नी का दाखिला गोण्डा के एक निजी संस्थान में करा दिया।
राजेश का आरोप है कि पत्नी की पढ़ाई और खर्च पूरे करने के लिए उसने लुधियाना में मजदूरी की। पत्नी के भाई के खाते में पढ़ाई के लिए एक लाख रुपये से अधिक भेजे। इतना ही नहीं, पत्नी की पढ़ाई के लिए उसने अपनी तीन भैंसें तक बेच दीं। इसके अलावा ससुर के गन्ने की पर्ची पर करीब 60 हजार रुपये का गन्ना भी बेचा गया। लेकिन बाद में पैसा मांगने पर कहा गया कि वह रकम लड़की की पढ़ाई में खर्च हो गई।
पीड़ित पति का कहना है कि एएनएम कोर्स पूरा होने के बाद उसकी पत्नी अलग-अलग निजी नर्सिंग होम में नौकरी करने लगी। और वर्तमान में एक निजी अस्पताल में कार्यरत है। अब पत्नी उसके साथ रहने को तैयार नहीं है। और तलाक देने के बदले 10 लाख रुपये की मांग कर रही है। राजेश ने आरोप लगाया कि करीब सात लाख रुपये के जेवर भी पत्नी अपने पास रखे हुए है।
राजेश का यह भी कहना है कि उसकी मां नेत्रहीन हैं। और पिता अर्ध विक्षिप्त हैं। ऐसे में वह उन्हें छोड़कर पत्नी के साथ अलग नहीं रह सकता। उसने आरोप लगाया कि पत्नी उस पर सप्ताह में एक-दो दिन कमरे पर आकर रहने का दबाव बना रही है। पीड़ित ने आशंका जताई कि यदि वह पत्नी के साथ अलग रहने गया। तो उसके साथ कोई अनहोनी भी हो सकती है। पीड़ित ने पुलिस से पत्नी और ससुराल पक्ष से उसका पैसा और जेवर वापस दिलाने तथा मामले में उचित कार्रवाई करने की मांग की है।
Published on:
08 May 2026 12:31 pm
बड़ी खबरें
View Allगोंडा
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
