24 अप्रैल 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

राघव चड्ढा के पार्टी छोड़ने पर भड़के संजय सिंह, बोले- इन सातों को जनता कभी माफ नहीं करेगी

Sanjay Singh Statement On Raghav Chadha: आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने पार्टी छोड़ने वाले नेताओं पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता को इन सातों नेताओं के नाम याद रखने चाहिए।

2 min read
Google source verification

संजय सिंह ने आरोप लगाया कि पार्टी ने राघव चड्ढा को विधायक बनाया, सांसद बनाया और हर संभव सम्मान दिया, लेकिन अब वे भाजपा के साथ चले गए। उन्होंने कहा कि संदीप पाठक को राज्यसभा भेजा गया और इन सभी नेताओं को आम आदमी पार्टी तथा पंजाब की जनता ने भरपूर समर्थन दिया, लेकिन उन्होंने पंजाब के लोगों की पीठ में छुरा घोंपा है। संजय सिंह ने कहा कि पंजाब की जनता उन्हें कभी माफ नहीं करेगी।

AAP सांसद ने प्रधानमंत्री पर साधा निशाना

AAP सांसद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह पर भी निशाना साधते हुए कहा कि जो राजनीतिक खेल खेला जा रहा है, उसे जनता कभी स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि पंजाब में भगवंत मान सरकार अच्छा काम कर रही है, लेकिन उसके खिलाफ ऑपरेशन लोटस चलाया जा रहा है।

संजय सिंह के मुताबिक, "पंजाब की सरकार वहां के बच्चों को अच्छी शिक्षा देने का काम करती है। पंजाब के किसी भी व्यक्ति को कोई रोग हो तो 10 लाख रुपए तक का इलाज कराने का काम किया जाता है, ऐसी सरकार को भाजपा ने रोकने और तोड़ने का काम किया।

'गलत पार्टी में सही आदमी'

बता दें कि आम आदमी पार्टी (आप) को शुक्रवार को बड़ा झटका देते हुए राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने दो अन्य सांसदों के साथ पार्टी छोड़ने का ऐलान कर दिया है। उनके साथ राज्यसभा सांसद संदीप पाठक और अशोक मित्तल भी आप से अलग हो गए हैं। इसके साथ ही, तीनों नेताओं ने भाजपा में शामिल होने की घोषणा की है। शुक्रवार को दिल्ली में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उनके साथ संदीप पाठक और अशोक मित्तल भी मौजूद रहे। चड्ढा ने दावा किया कि पार्टी के दो-तिहाई सांसद भी भाजपा में शामिल होंगे।

बताया जा रहा है कि हरभजन सिंह और स्वाति मालीवाल भी उनके साथ हैं। दोनों वर्तमान में AAP के राज्यसभा सदस्य हैं। पंजाब में अगले वर्ष विधानसभा चुनाव होने हैं। राघव चड्ढा ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों से उन्हें महसूस हो रहा था कि वह गलत पार्टी में सही व्यक्ति हैं। उन्होंने कहा कि संवैधानिक प्रावधानों का उपयोग करते हुए वे खुद को भाजपा में विलय करने का फैसला कर रहे हैं।