28 अप्रैल 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर चीख-पुकार: नींद के चक्कर में 70 से ज्यादा जानें दांव पर लगाई; खलासी को स्टेयरिंग थमाकर सो गया ड्राइवर

Major Accident On Purvanchal Expressway: पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा हो गया। यहां से तेज रफ्तार बस पलट गई। जानिए पूरा मामला।

2 min read
Google source verification
major accident on purvanchal expressway luxury bus overturns over 60 passengers injured sultanpur

पूर्वांचल एक्सप्रेस पर बस पलटी। फोटो सोर्स- Video Grab

Major Accident On Purvanchal Expressway: सुलतानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर मंगलवार तड़के बड़ा सड़क हादसा हो गया। लुधियाना से आजमगढ़ जा रही एक लग्जरी बस धनपतगंज क्षेत्र में अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के समय बस में करीब 100 से ज्यादा यात्री सवार थे। दुर्घटना में करीब 57 यात्री घायल हो गए, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद चालक के मौके से फरार होने की बात भी सामने आई है।

माइल स्टोन 108 के पास हुआ हादसा

यह दुर्घटना सुबह करीब 6 बजे धनपतगंज क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के माइल स्टोन 108 के पास हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक तेज रफ्तार में चल रही बस अचानक नियंत्रण खो बैठी और पलट गई। बस पलटते ही उसमें सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालना शुरू किया।

यात्रियों ने लगाया गंभीर आरोप

बस में सवार यात्रियों ने हादसे को लेकर चौंकाने वाला दावा किया है। यात्रियों का आरोप है कि बस चालक नहीं बल्कि कंडक्टर या खलासी बस चला रहा था, जिसकी वजह से यह दुर्घटना हुई। यात्रियों सानिया, लालबहादुर, ओमपाल और रामसुरत ने बताया कि जब से कंडक्टर ने बस संभाली थी, तभी से बस सही तरीके से नहीं चल रही थी। उनका कहना है कि हादसे से पहले भी बस असंतुलित चल रही थी।

ओवरलोड और लापरवाही के आरोप

कुछ यात्रियों ने बस के ओवरलोड होने का भी आरोप लगाया। आजमगढ़ निवासी खुशी और शिल्पा के मुताबिक बस में क्षमता से अधिक लोग सवार थे। यात्रा के दौरान एक बार बस का टायर पंचर भी हुआ था। यात्रियों का दावा है कि माइल स्टोन 108 से पहले चालक ने बस खलासी को चलाने के लिए दे दी और खुद पीछे जाकर सो गया। इसके बाद तेज रफ्तार में बस अनियंत्रित हो गई और पलट गई।

12 गंभीर घायल मेडिकल कॉलेज रेफर

हादसे में अधिकांश यात्रियों को मामूली चोटें आईं, जिनका इलाज मौके पर ही धनपतगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की टीम ने किया। वहीं 34 घायलों को कूरेभार अस्पताल भेजा गया। जिला प्रशासन के अनुसार 12 गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। कुछ अन्य गंभीर घायलों को जिला अस्पताल भी भेजा गया।

प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे

हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंच गया। SDM बल्दीराय प्रवीण कुमार, सीओ आशुतोष और थाना प्रभारी अंजू मिश्रा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और राहत-बचाव कार्य की निगरानी की। अधिकारियों ने घायलों के समुचित इलाज का भरोसा दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।

डीएम बोले- तत्काल शुरू किया गया राहत कार्य

जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही जिला प्रशासन ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कराया। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया और गंभीर रूप से घायल यात्रियों को मेडिकल कॉलेज भेजा गया। प्रशासन पूरे मामले की निगरानी कर रहा है और यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है।

प्रारंभिक जांच में कई वजहें सामने आईं

CO आशुतोष के मुताबिक शुरुआती जांच में बस के ओवरलोड होने और चालक को झपकी आने जैसी बातें सामने आई हैं। हालांकि यात्रियों के आरोपों के आधार पर खलासी द्वारा बस चलाने के एंगल की भी जांच की जा रही है। पुलिस और प्रशासन दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटे हैं।

चालक फरार, जांच तेज

हादसे के बाद चालक के मौके से फरार होने की बात भी सामने आई है। पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है। साथ ही बस संचालक और परिवहन नियमों के पालन को लेकर भी जांच की जा रही है।