सुल्तानपुर

Weather Update : ठंड ने 20 वर्षों का तोड़ा रिकॉर्ड, जानें- अगले 48 घंटों के लिए क्या है मौसम विभाग का अलर्ट

Sultanpur Weather Forecast- केएनआई कृषि विज्ञान केन्द्र सुलतानपुर के मौसम पर्यवेक्षक डॉ. सूर्यप्रकाश मिश्र के अनुसार मार्च महीने के अगले 48 घण्टों में न्यूनतम तापमान में और अधिक कमी आएगी
less than 1 minute read
mausam_update.jpg

पत्रिका न्यूज नेटवर्क
सुलतानपुर. Sultanpur Weather Forecast. जिले में मौसम के बदले मिजाज ने पिछले 20 सालों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। मार्च के महीने में इतनी ठंड इसके पहले वर्ष 1989 में हुई थी। यूं तो जिले में मौसम का मिजाज बरसात के मौसम से ही अजब-गजब का खेल दिखा रहा है, लेकिन इस साल फरवरी माह से मार्च महीने तक मौसम हर रोज बदल रहा है। इस साल फरवरी का महीना पिछले 15 सालों में सबसे गर्म रहा, वहीं मार्च का महीना पिछले 20 सालों का रिकॉर्ड तोड़कर सबसे ठंडा रहा है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगर इसी तरह मार्च के महीने में मौसम का मिजाज रहा तो यह मार्च का महीना पिछले कई सालों में सबसे ज्यादा ठंडा रहने का रिकॉर्ड बनाने वाला है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार पहाड़ों से आ रही तेज पछुआ हवाओं से अभी पारा और गिरने की संभावना है।

मौसम विज्ञानियों ने पहले ही भविष्यवाणी की थी कि मार्च के महीने में ठंड पलटवार करेगी। पिछले 24 घण्टों में मौसम में ठंड का इस कदर एहसास हो रहा है कि धूप भी बेअसर हो गई है। रात के मौसम में पारा तेजी नीचे लुढ़का और 10 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। बर्फीली पछुआ हवाओं के चलने से रात के तापमान में गिरावट आ गई है, जिससे लोगों को फिर से ठंड से बचने के लिए रजाई का सहारा लेना पड़ रहा है।

मौसम विभाग का पूर्वानुमान
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आने वाले 48 घण्टों में न्यूनतम तापमान गिरेगा। केएनआई कृषि विज्ञान केन्द्र सुलतानपुर के मौसम पर्यवेक्षक डॉ. सूर्यप्रकाश मिश्र के अनुसार मार्च महीने के अगले 48 घण्टों में न्यूनतम तापमान में और अधिक कमी आएगी।

Published on:
06 Mar 2021 07:33 pm