प्रेमनगर-तारा मार्ग पर हुआ हादसा, पार्षद, भाजपा नेता व एक आरक्षक को गंभीर हालत में अंबिकापुर किया गया रेफर
प्रेमनगर. सूरजपुर जिले की पे्रमनगर पुलिस शनिवार को रात्रि गश्त पर थी। इसी दौरान रायपुर जाने के लिए निकले भाजपा पार्षद व एक अन्य नेता ने पुलिस वाहन में लिफ्ट ली। इसी दौरान रास्ते में पे्रमनगर-तारा मार्ग पर ग्राम अभयपुर के पास सूमो अनियंत्रित होकर पेड़ से भिड़ गई। हादसे में पार्षद, भाजपा नेता व 2 आरक्षक घायल हो गए।
इनमें से 3 की गंभीर हालत को देखते हुए अंबिकापुर रेफर कर दिया गया। यहां उनका इलाज जारी है। पुलिस के आला अधिकारियों का कहना है कि सूमो को स्टेयरिंग फेल होने के कारण दुर्घटना हुई।
प्रेमनगर थाने के आरक्षक भुनेश्वर सिंह व छत्तरलाल शनिवार की रात करीब 12 बजे सूमो वाहन क्रमांक सीजी 03- 4633 से रात्रि गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें पे्रमनगर नगर पंचायत के वार्ड क्रमांक-10 से निर्दलीय पार्षद रामकेश्वर साहू व ग्राम नारायणपुर, श्रीनगर के भाजपा नेता छन्नूलाल साहू ने हाथ देकर वाहन रुकवाया।
दोनों रायपुर जाने घर से निकले थे। उन्होंने आरक्षकों से कहा कि वे उन्हें तारा तक छोड़ दें। इसके बाद वे लिफ्ट लेकर पुलिस वाहन में बैठ गए। वाहन आरक्षक छत्तरलाल चला रहा था। सूमो पे्रमनगर-तारा मार्ग पर ग्राम अभयपुर के पास पहुंची ही थी कि अचानक चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और वह सड़क किनारे पेड़ से भिड़ गई।
हादसे में वाहन में पार्षद रामेश्वर साहू, भाजपा नेता छन्नूलाल साहू व आरक्षक भुनेश्वर सिंह के हाथ-पैर, कमर, सिर सहित शरीर के अन्य हिस्से में गंभीर चोटें आईं, जबकि छत्तरलाल को मामूली चोट लगी। वहां से गुजर रहे अन्य लोगों द्वारा सभी को तत्काल प्रेमनगर अस्पताल पहुंचाया गया।
यहां तीनों की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। रात में ही घायलों को अंबिकापुर में भर्ती कराया गया। इस संबंध में सूरजपुर सीएसपी डीके सिंह का कहना है कि रात्रि गश्त के दौरान वाहन की लाइट खराब हो गई थी तथा स्टेयरिंग भी फेल हो गया था। इस कारण दुर्घटना हुई।
क्षेत्र में ऐसी भी रही चर्चा
सूरजपुर क्षेत्र में ऐसी भी चर्चा रही कि पे्रमनगर एसडीओपी चंचल तिवारी ने शनिवार की रात अपने बेटे के जन्मदिन की पार्टी दी थी। यहीं से लौटने के दौरान पुलिस की वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इसमें पार्षद व भाजपा नेता भी सवार थे।