Road accident: रात में सडक़ पर खड़ा था कोयला लोड वाहन, वाहन की पार्किंग लाइट भी नहीं थी चालू, हाइवा से बुलेट टकराते ही सिर में गंभीर चोट लगने से युवक की मौत हो गई
भटगांव. Road accident: सूरजपुर जिले के भटगांव नगर पंचायत के वार्ड क्रमांक 1 के पार्षद के बेटे की शुक्रवार की देर रात सडक़ हादसे में मौत हो गई। दरअसल पार्षद का पुत्र भटगांव से अपनी बुलेट से घर लौट रहा था। इस दौरान सडक़ पर खड़े कोयला लोड वाहन में वह पीछे से टकरा गया। हादसे में सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि कोयला लोड हाइवा की पार्किंग लाइट चालू नहीं थी, ऐसे में खड़ा वाहन नहीं दिखा और हादसा हो गया।
सूरजपुर जिले के भटगांव नगर पंचायत के वार्ड क्रमांक-1 शिवारीपारा के पार्षद का पुत्र दिलीप पैकरा 22 वर्ष बुलेट वाहन से भटगांव से शुक्रवार की रात करीब 11 बजे घर की ओर जा रहा था।
इसी दौरान सडक़ पर खड़े कोयला लोड हाइवा क्रमांक सीजी 12बी 2578 में पीछे से जा टकराया। हादसे में सिर में गंभीर चोट लगने से घटना स्थल पर ही दिलीप की मौत हो गई।
सूचना मिलते ही पार्षद मौके पर पहुंचे, वहीं पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को पीएम के लिए अस्पताल भिजवाया। पार्षद पुत्र की मौत से वार्डवासियों में जहां शोक का माहौल है, वहीं इकलौते पुत्र की मृत्यु से परिजन सदमे में हैं। उनका रो-रोकर बुरा हाल है।
मौत बनकर दौड़ रहे कोल वाहन
गौरतलब है कि क्षेत्र में कोल परिवहन में लगे वाहनों से अक्सर हादसे होते रहते हें। इसमें लोगों को जान गंवानी पड़ती है। कोल वाहन बेतरतीब सडक़ पर खड़े रहते हैं। जिस हाइवा वाहन से पार्षद पुत्र की टक्कर हुई, उसमें पार्किंग लाइट चालू नहीं थी। वहीं वाहन बीच सडक़ पर खड़ा था।
क्षेत्र में नियमों को ताक पर रखकर भारी वाहनों से कोल परिवहन किया जा रहा है। वहीं चालकों द्वारा काफी तेज रफ्तार में वाहन चलाया जाता है, इसकी वजह से हादसे होते हैं। कोयला परिवहन का ठेका ली हुई कम्पनी अपने टारगेट को पूरा करने के लिए सडक़ पर चल रहे लोगों की जान के साथ खिलवाड़ कर रही है।