कॉलेज के छात्रों ने छात्राओं की बस रोक कर साथ ले चलने कहा, मना करने पर की बदसलूकी, पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ दर्ज किया बलवा
बिश्रामपुर. सिलफिली में किसी कॉलेज के छात्रों ने कुम्दा बिश्रामपुर से अंबिकापुर की ओर जाने वाली स्कूल बस को रोक कर हुड़दंग करते हुए कॉलेज की छात्राओं के साथ बदसलूकी की। उन्होंने ड्राइवर व छात्राओं को धमकाते हुए कहा कि बस इस रास्ते से ही गुजरती है कभी भी सबक सिखा देंगे।
इससे आक्रोशित छात्राएं बस लेकर वापस कुम्दा लौट गईं और परिजन के साथ जयनगर थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद छात्राएं जीएम ऑफिस पहुंची और प्रबंधन के खिलाफ भी बस की संख्या बढ़ाने की मांग करते हुए जमकर हंगामा किया। मामले में जयनगर पुलिस ने आरोपी युवकों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है।
गौरतलब है कि बिश्रामपुर कुम्दा कॉलोनी के लिए एसईसीएल द्वारा दो बस का संचालन किया जाता है। कुम्दा सहक्षेत्र से दो बसें अंबिकापुर आना-जाना करतीं हैं जिसमें छात्र-छात्राएं शामिल रहते हैं। गुरुवार की सुबह 9 बजे स्कूल बस से होलीक्रॉस एवं सार्इं कॉलेज की छात्राओं को लेकर चालक देवेन्द्र सिंह रवाना हुआ।
छात्राओं के आरोप के अनुसार रास्ते में सिलफिली के पास नरेन्द्र यादव, सूरज यादव, राजेश कुशवाहा, मुकेश राय व अन्य छात्रों ने स्कूल बस को रोकने के बाद उनके साथ जमकर बदसलूकी की और चालक पर दबाव बनाते हुए बस में बैठने के लिए जबरदस्ती करते हुए धक्का-मुक्की भी की।
वहां से वापस लौटकर छात्राओं ने परिजनों को आपबीती सुनाई तो नाराज पालकों ने कांग्रेस नेता छत्तर लाल सांवरे व छात्राओं के साथ जयनगर थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। इसके बाद छात्राएं अभिभावकों के साथ महाप्रबंधक कार्यालय पहुंचीं और महाप्रबंधक अजय कुमार से मामले की शिकायत की। छात्राओं ने एक आरोपी के कॉलरी कर्मचारी पिता पर भी कार्रवाई की मांग की।
इस पर महाप्रबंधक ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। छात्राओं के अभिभावक अभय प्रकाश सिन्हा, दिलीप सिंह, कामदेव सिंह, रामलाल, जेपी पांडेय व विनोद चौधरी ने एसईसीएल प्रबंधन से कुम्दा से अंबिकापुर तक दो बस छात्र-छात्राओं के लिए अलग-अलग चलाने की मांग की।
छात्रों ने दी धमकी- कभी भी सिखा देंगे सबक
बदसलूकी के दौरान छात्रों ने धमकाते हुए ड्राइवर व छात्राओं से कहा कि बस सिलफिली से ही गुजरनी है, कभी भी सबक सिखा देंगे, हमारे पिता नेता हैं और ऊंची पहुंच रखते हैं। सहमी छात्राओं ने चालक से बस वापस ले जाने की गुजारिश की। इस पर चालक बस को लेकर वापस कुम्दा लौट गया।
इनके खिलाफ अपराध दर्ज
छात्राओं की रिपोर्ट पर जयनगर पुलिस ने मामले में नरेन्द्र यादव, सूरज यादव, राजेश कुशवाहा, मुकेश राय सहित एक दर्जन से अधिक युवकों के खिलाफ धारा 147, 341 व 294 अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।