Leopard and tigers terror: संभाग के सूरजपुर जिला अंतर्गत ओडग़ी ब्लॉक में तेंदुए ने 2 बकरियों का किया शिकार, ग्रामीणों ने तेंदुए को देखकर शोर मचाया तो जंगल की ओर भाग निकला, ग्रामीणों में दहशत का माहौल
ओडग़ी. Leopard and tigers terror: सरगुजा संभाग के सूरजपुर, बलरामपुर व कोरिया जिले में तेंदुओं व बाघों का आतंक जारी है। आए दिन इनके द्वारा मवेशियों को अपना शिकार बनाया जा रहा है। महीनेभर पूर्व ही एक बाघिन ने सूरजपुर जिले के ओडग़ी ब्लॉक अंतर्गत कालामांजन के जंगल में लकड़ी लेने गए 2 ग्रामीण युवाओं को मार डाला था। इस हमले में हालांकि बाघिन भी गंभीर रूप से घायल हो गई थी। बाद में बाघिन का रेस्क्यू कर जंगल सफारी ले जाया गया था। इसी बीच शुक्रवार को ओडग़ी क्षेत्र में ही तेंदुए ने 2 बकरियों को मार डाला। क्षेत्र में लगातार तेंदुए व बाघों के विचरण करने से ग्रामीण दहशत में हैं।
सूरजपुर जिले के ओडग़ी मुख्यालय से लगे ग्राम पंचायत मसनकी में शुक्रवार को तेंदुए द्वारा 2 बकरियों का शिकार किये जाने की घटना सामने आई है। इस मामले में ग्रामीणों का कहना है कि एक तेंदुए ने गांव के करीब नाले के पास बकरियों के ऊपर हमला कर दिया।
यह देखकर ग्रामीण दिलबरन सिंह, देवकुमार, जयकुमार, राजकुमार व अन्य ने शोर मचाया तो तेंदुआ वहां से भाग निकला। इस दौरान दोनों बकरियों की मौत हो गई थी। इसकी सूचना ग्रामीणों द्वारा वन विभाग को दी गई। दोनों बकरियां ग्राम के ही धनीराम रजवाड़े की बताई जा रहीं हैं।
आए दिन मवेशियों का कर रहे शिकार
सूरजपुर जिले में काफी दिनों से तेंदुआ विचरण कर रहा है। उसके द्वारा आए दिन मवेशियों को अपना शिकार बनाया जा रहा है। पिछले 4 महीने की बात करें तो तेंदुए द्वारा सिर्फ सूरजपुर जिले में ही एक दर्जन मवेशियों को मार डाला गया है।
इसके अलावा 2 तेंदुओं ने जनवरी-फरवरी माह में कोरिया जिले में आतंक मचाया था। उन्होंने 3 ग्रामीणों को मार डाला था। इस दौरान वन विभाग द्वारा पिंजरा लगाकर एक तेंदुए को पकड़ा गया था।