
Surajpur Incident: एक दिन पहले नदी में नहाने का किया था प्लान(photo-patrika canva create)
Surajpur Incident: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में एक दर्दनाक हादसे ने पुरे परिवार को खत्म कर दिया, पुरे परिवार में मातम छा गया है। पिता और उनके तीन बच्चों की नदी में डूबने से मौत हो गई। घटना बिश्रामपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सरस्वतीपुर की है, जहां रेड नदी में नहाने के दौरान तीनों बच्चे गहरे पानी में चले गए। उन्हें डूबता देख पिता ने बचाने के लिए नदी में छलांग लगा दी, लेकिन वह भी पानी में डूब गए। इस हादसे में चारों की जान चली गई। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, सरस्वतीपुर निवासी पिता अपने तीन बच्चों के साथ रेड नदी पहुंचे थे। तीनों बच्चे नदी में नहाने के लिए उतरे, लेकिन कुछ देर बाद वे गहरे पानी में डूबने लगे। बच्चों को संकट में देख पिता उन्हें बचाने के लिए नदी में कूद पड़े। हालांकि, तेज गहराई और पानी के बीच वह भी खुद को संभाल नहीं सके। देखते ही देखते हादसे में पिता और तीनों बच्चों की मौत हो गई।
इस भयानक हादसे में जान गंवाने वालों में स्थानीय स्तर पर ब्यूटी पार्लर चलाने वाली महिला के पति, उनका एक बच्चा और बिहार की राजधानी पटना से घूमने आए उनके दो भांजे शामिल हैं। बताया जा रहा है कि परिवार के लोग एक दिन पहले भी इस जगह पर आए थे। उस दौरान उन्होंने घर पर वीडियो कॉल कर नदी का स्थान दिखाया था और यहां नहाने की योजना भी बताई थी। किसी को अंदाजा नहीं था कि जिस जगह पर घूमने और नहाने की योजना बनाई गई थी, वहीं इतना बड़ा हादसा हो जाएगा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नदी से बाहर निकाले गए पिता ने पूरे कपड़े पहने हुए थे और उनके माथे पर टीका लगा था। माना जा रहा है कि तीनों बच्चों को पानी में डूबता देख वे उन्हें बचाने के लिए नदी में कूद पड़े, लेकिन खुद भी बाहर नहीं निकल सके। हालांकि, हादसे के दौरान वास्तव में क्या हुआ, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो पाएगी। एक ही परिवार के चार लोगों की मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, वहीं पूरे गांव में शोक का माहौल है।
हादसे के बाद बचाव कार्य को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। बताया जा रहा है कि घटना की सूचना सुबह ही राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) की टीम को दे दी गई थी, लेकिन आरोप है कि टीम मौके पर नहीं पहुंची। इसके बाद स्थानीय तीन युवकों ने अपनी जान जोखिम में डालकर नदी से चारों के शव बाहर निकालने में मदद की। SDRF के मौके पर नहीं पहुंचने के आरोपों की आधिकारिक स्थिति स्पष्ट होना बाकी है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से चारों शव नदी से बाहर निकलवाए। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस दर्दनाक हादसे के बाद सरस्वतीपुर गांव में मातम पसरा हुआ है और परिवार के सदस्यों व ग्रामीणों का रो-रोकर बुरा हाल है।
Updated on:
24 Oct 2026, 5:31 PM IST
Published on:
24 Oct 2026, 5:28 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.