
Surajpur Double Murder, शिक्षिका रजनी बरेठ व पुत्र सुजल (Photo- Patrika)
विश्रामपुर। सूरजुपर जिले के बिश्रामपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत केशवनगर के ममता कालोनी में निवासरत शिक्षिका और उसके 17 वर्षीय बेटे की 10 अक्टूबर को हुई हत्या (Female teacher-son murder) मामले में पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं। पुलिस ने आरोपी का वाहन बरामद किया है। पुलिस उसे लेकर गुरुवार को घटनास्थल पर घूमती रही। पुलिस द्वारा शुक्रवार को मामले का खुलासा किए जाने की बात कही जा रही है। बताया जा रहा है कि अवैध संबंध के चक्कर में शिक्षिका की हत्या की गई थी।
गौरतलब है कि 10 अक्टूबर को जयनगर थाना क्षेत्र के महावीरपुर के कोरेया बाड़ी में एनएच 43 से कुछ दूर कच्चे सडक़ किनारे शिक्षिका रजनी बरेठ के 17 वर्षीय पुत्र का शव बरामद हुआ था, तब तक उसकी पहचान स्पष्ट नहीं थी। लगातार मृतक की शिनाख्ती के प्रयास के दौरान उसकी पहचान कार्मेल कन्वेंट स्कूल बिश्रामपुर के कक्षा 11 वीं के छात्र सुजल बरेठ (Mother-son murder) के रूप में हुई थी।
देर रात जब पुलिस उसके केशवनगर ममता कालोनी स्थित किराए के मकान पहुंची तो बाहर से ताला लगा मिला था। पुलिस ने स्थानीय लोगों के साथ उसके घर का ताला तुड़वाकर जब तलाशी ली तो शिक्षिका 40 वर्षीय रजनी बरेठ का शव घर के बाथरूम में खून से लथपथ हाल में पड़ा मिला था।
पुलिस (Surajpur Police) ने घटना की सूचना परिजनों को देकर मौके पर बुलवा शव पंचनामा पीएम सहित अन्य जरूरी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया था। फिर मां-बेटे का रायगढ़ में अंतिम संस्कार किया गया था। घटना के बाद से अंधे कत्ल के अपराध को सुलझाने पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल सहित पुलिस अमला जुटा रहा। शिक्षिका व उसके बेटे का मोबाइल गायब होने से पुलिस की परेशानी बढ़ी हुई थी।
लगातार संदिग्ध फोन नम्बरों को ट्रेस करने, नगर के अलग अलग स्थानों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का बारीकी से अवलोकन करने के बाद पुलिस आखिरकार हत्यारे तक पहुंच गई है। पुलिस ने आरोपी का वाहन (Accused vehicle seized) बरामद कर लिया है। इसके अतिरिक्त पुलिस घटना के बाद से मृतकों के गायब मोबाइल फोन व घटना में प्रयुक्त हथियार बरामद करने, घटना के वास्तविक कारणों को जानने पुलिस गुरुवार को दिन भर आरोपी को लेकर अलग अलग स्थानों में घूमती रही। पुलिस द्वारा शुक्रवार को इस घटना का खुलासा किए जाने की बात कही जा रही है।
Updated on:
22 Oct 2026, 7:38 PM IST
Published on:
22 Oct 2026, 7:38 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.