
दतिमा मोड़/रामनगर. पति से विवाद के बाद एक महिला घर से निकलकर मायके जा रही थी। इसी बीच पति उसे बस स्टैंड से साइकिल पर बैठाकर शनिवार की सुबह घर लौट रहा था। रास्ते में पत्नी ने तालाब देखा तो पति से बोली कि वह शौच कर के आ रही है। कुछ देर तब पत्नी नहीं लौटी तो पति तालाब के पास पहुंच गया।
यहां देखा तो उसकी पत्नी तालाब में डूबी हुई है। उसने तत्काल उसे बाहर निकाला। इस बीच वहां से गुजर रहे लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस मामले की विवेचना में जुट गई है। आशंका जताई जा रही है कि शौच से निवृत्त होने के दौरान उसका पैर फिसल गया होगा और डूबने से उसकी मौत हो गई होगी। वहीं आत्महत्या की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा रहा है।
सूरजपुर जिले के भटगांव थानांतर्गत ग्राम लक्ष्मीपुर निवासी कुशमति बाई 35 वर्ष का किसी बात पर पति दिलसाय गोंड़ से विवाद हो गया था। इससे गुस्साई पत्नी शनिवार की सुबह 8.30 बजे बस से मायके के लिए सूरजपुर के ग्राम पसला निकल गई। वह सूरजपुर बस स्टैंड में उतरी थी। यह बात जब पति को पता चली तो वह उसे ढूंढते हुए बस स्टैंड पहुंच गया।
यहां उसने पत्नी को मनाया और घर चलने के लिए कहा। पत्नी जब साथ आने के लिए तैयार हो गई तो उसे साइकिल पर बैठाकर घर लौट रहा था। करीब 11 बजे रास्ते में दतिमा ओवरब्रिज के पास उसने तालाब देखा और पति से कहा कि उसे शौच लगी है, वह पास के तालाब से आ रही है। पत्नी के जाने के बाद वह वहीं इंतजार करने लगा।
आधा घंटा गुजरने के बाद भी जब पत्नी नहीं लौटी तो पति तालाब के पास पहुंचा। यहां उसने देखा कि पत्नी औंधे मुंह तालाब में गिरी पड़ी है। इसके बाद उसने पत्नी को बाहर निकाला और सड़क से आने-जाने वाले लोगों को चिल्लाकर ये बात बताई। लोग वहां पहुंचे और करंजी चौकी पुलिस को सूचना दी।
डूबकर मौत की जताई जा रही आशंका
सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी राजेश तिवारी अन्य पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। यहां उन्होंने देखा तो पत्नी तालाब से बाहर जमीन पर लेटी थी। पूछताछ में पति ने सारी बात बताई।
प्रथमदृष्ट्या आशंका जताई जा रही है कि शौच के दौरान ही उसका पैर फिसल गया होगा और वह तालाब में डूब गई होगी। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है।