सीआर पाटिल के स्वागत में शहर में जगह-जगह लगे होर्डिंग्स, रैली में सैकड़ों वाहन होंगे शामिल
सूरत. नवसारी संसदीय क्षेत्र के तीन टर्म से सांसद सीआर पाटिल भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद शुक्रवार को पहली बार सूरत आएंगे। इस अवसर पर भाजपा महानगर इकाई की ओर से निर्धारित स्वागत रैली के रूट चार्ट में बदलाव किया गया है। शुक्रवार दोपहर सवा बारह बजे स्वागत रैली की शुरुआत वराछा क्षेत्र के वालक पाटिया से की जाएगी।
करीब ढाई दशक बाद गुजरात भाजपा इकाई की कमान पूर्व केंद्रीय मंत्री काशीराम राणा के बाद सूरत के सीआर पाटिल को मिली है और अध्यक्ष पदभार संभालने के बाद वे शुक्रवार को पहली बार सूरत आ रहे हैं। इस मौके पर भाजपा महानगर इकाई ने उनके सम्मान में स्वागत रैली की तैयारियां की है। पहले यह स्वागत रैली सूरत एयरपोर्ट से आयोजित की जानी तय थी लेकिन, नवनियुक्त अध्यक्ष पाटिल के कार्यक्रम में बदलाव की वजह से अब यह स्वागत रैली शुक्रवार दोपहर वराछा-कामरेज रोड पर वालक पाटिया से शुरू होगी। इकाई के पदाधिकारी बदले हुए रूट चार्ट के मुताबिक स्वागत रैली की तैयारियों में जुटे हैं। पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं को रैली के दौरान कोविड-19 की गाइडलाइन का पुख्ता पालन के निर्देश भी दिए है। बताया जा रहा है कि स्वागत रैली में सैकड़ों वाहन शामिल होंगे।
जगह-जगह लगे होर्डिंग्स
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद शुक्रवार को पहली बार सूरत आ रहे सीआर पाटिल के स्वागत में शहर में जगह-जगह होर्डिंग्स लग गए हैं। ज्यादातर होर्डिंग्स भाजपा महानगर इकाई की ओर से लगाए गए हैं। इसके अलावा कई व्यापारिक, सामाजिक संस्थाओं की ओर से पाटिल के सम्मान में शहर के मुख्य चौक-चौराहों पर होर्डिंग्स लगाए गए हैं। प्रदेश भाजपा के नवनियुक्त अध्यक्ष सीआर पाटिल के स्वागत में कई स्थलों पर प्रतीक रूप में सम्मान कार्यक्रमों के भी आयोजन किए जाएंगे।
बदला हुआ रूट चार्ट
शुक्रवार दोपहर सवा बारह बजे स्वागत रैली की शुरुआत वालक पाटिया से होगी और इसके बाद सरथाणा जकात नाका, सीमाड़ा नाका, कापोदरा, हीरा बाग, मिनी बाजार, देवजीनगर भवानी सर्कल, अलकापुरी ब्रिज, किरण हॉस्पिटल, गोदानी सर्कल, कतारगाम दरवाजा, मुगलीसरा, चौक, स्वामी विवेकानंद स्टेच्यू, नानपुरा, अठवागेट, मजूरागेट, उधना दरवाजा, भाजपा कार्यालय और वहां से उधना, सोसियो सर्कल होकर अम्बानगर में नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल के जनसम्पर्क कार्यालय पहुंचकर समाप्त होगी।