सूरत

खसरे के खिलाफ मनपा चलाएगी अभियान

केंद्र सरकार ने देशभर में खसरे (मीजल्स) और रुबेला के खिलाफ पोलियो की तर्ज पर अभियान छेड़ रखा है। अभियान का चौथा चरण गुजरात में...

2 min read
Jul 21, 2018
Campaign to run against Khasra

सूरत।केंद्र सरकार ने देशभर में खसरे (मीजल्स) और रुबेला के खिलाफ पोलियो की तर्ज पर अभियान छेड़ रखा है। अभियान का चौथा चरण गुजरात में चलेगा, जिसमें १५ जुलाई से नौ महीने से १५ साल तक के बच्चों का टीकाकरण किया जाएगा।

मनपा के इंचार्ज डिप्टी कमिश्नर हेल्थ डॉ. आशीष नायक ने बताया कि १५ जुलाई से ३१ अगस्त तक अभियान चलाकर मीजल्स और रुबेला से बचाव का टीकाकरण किया जाएगा। इसके लिए नौ महीने से १५ साल तक के बच्चों का मेडिकल टीम टीकाकरण करेगी। इसकी शुरुआत स्कूलों से होगी।

मनपा का लक्ष्य है कि एक दिन में एक स्कूल के सभी बच्चों का टीकाकरण कर लिया जाए। मनपा संचालित स्कूलों के साथ ही निजी स्कूलों में भी बच्चों का टीकाकरण कराया जाना है। इसके लिए मनपा प्रशासन ने निजी क्षेत्र के स्कूल प्रशासन और वहां पढ़ रहे बच्चों के अभिभावकों के साथ संवाद शुरू कर दिया है। स्वास्थ्य विभाग अधिकारियों ने बाल रोग चिकित्सकों के संगठन पीडियाट्रिक एसोसिएशन से भी बातचीत कर उनका सहयोग लिया है। रोटरी क्ल्ब और लॉयंस क्लब ने भी इस अभियान में भागीदार बन अपनी सहभागिता जताने का आश्वासन दिया है।

एक टीम में तीन सदस्य

डॉ. नायक ने बताया कि एमबीबीएस चिकित्सक के नेतृत्व में तीन सदस्यीय टीम गठित की जा रही है। एक टीम एक दिन में करीब डेढ़ सौ बच्चों का टीकाकरण करेगी। स्कूल में छात्रों की संख्या के हिसाब से ही टीमें भेजी जाएंगी। टीम सदस्यों की ट्रेनिंग का काम पूरा कर लिया गया है। नायक ने बताया कि इस अभियान में जो निजी स्कूल सहयोग नहीं करेंगे, उनके खिलाफ शिक्षा विभाग में शिकायत की जाएगी। स्कूलों के बाद मोबाइल मेडिकल टीम सोसायटियों, अर्बन हेल्थ सेंटर और आंगनवाडिय़ों में जाकर बच्चों का टीकाकरण करेगी।

इसलिए पड़ी जरूरत

नायक ने बताया कि मीजल्स और रुबेला का उपचार संभव नहीं है। टीकाकरण से ही इनकी रोकथाम की जा सकती है। रुबेला गर्भ के समय ही बच्चे को संक्रमण में ले लेता है, जबकि पोस्ट मीजल्स कॉम्प्लीकेशन इसे गंभीर रोग बना देते हैं। मीजल्स भी संक्रमण से फैलता है। पोलियो की तर्ज पर केंद्र सरकार वर्ष २०२० तक देश को मीजल्स और रुबेला से मुक्त करना चाहती है। इसके लिए ७ फरवरी, २०१७ से देशभर में विभिन्न चरणों में मीजल्स और रुबेला टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। चौथे चरण की शुरुआत १५ जुलाई से हो रही है, जिसमें अन्य राज्यों के साथ गुजरात भी शामिल है।

Published on:
21 Jul 2018 09:47 pm
Also Read
View All