
सूरत. दिहाड़ी मजदूरी करने वाले एक युवक को शादी करवाने का झांसा देकर करीब दो लाख रुपए की ठगी करने का मामला सामने आया है। सरथाणा पुलिस ने चार जनों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबकि मेहसाणा जिले के माणसा निवासी नाथाभाई, भरुच निवासी करसन महाराज, कौशिकभाई और महाराज ने मिल कर योगीचौक शिवम रेजिडेंसी निवासी आशीष गोंडलिया के साथ ठगी की। दिहाड़ी मजदूरी करने वाले २८ वर्षीय आशीष की शादी नहीं हो पा रही थी। पांच महीने पहले नाथाभाई और उसके साथी आशीष से मिले। उन्होंने भरुच में गरीब परिवार की लडक़ी के शादी के लिए तैयार होने की बात बताई और विवाह खर्च, उपहार आदि के बहाने उससे करीब दो लाख रुपए ऐंठ लिए, लेकिन शादी नहीं करवाई। आशीष ने उनसे संपर्क करने का प्रयास किया तो सबके मोबाइल फोन बंद मिले। उसने भरुच जाकर भी पड़ताल की, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। उसने सरथाणा थाने में प्राथमिकी दर्ज करवाई। आशीष ने बताया कि इन लोगों ने कई और लोगों को शादी का झांसा देकर उनसे रुपए ऐंठे हैं, लेकिन बदनामी के डर से किसी ने शिकायत दर्ज नहीं करवाई। कार्रवाई होने पर अन्य मामले भी सामने आएंगे।