
एआई तस्वीर
Raid On Marriage Bureau: राजकोट शहर में एक ही दिन में मैरिज ब्यूरो और स्पा की आड़ में कथित देह व्यापार चलाए जाने के दो मामले सामने आए। शहर पुलिस की एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू) ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें मैरेज ब्यूरो संचालित करने वाली महिला और उसका बेटा भी शामिल हैं। पुलिस ने दोनों जगहों से चार युवतियों को मुक्त कराया है।
पुलिस के अनुसार विराणी चौक के पास गुरुरक्षा कॉम्प्लेक्स के कार्यालय नंबर 207 में मैरिज ब्यूरो की आड़ में अनैतिक गतिविधियां चलने की सूचना मिली थी। एएचटीयू की टीम ने डमी ग्राहक भेजकर सूचना की पुष्टि की और इसके बाद छापा मारा। जांच के मुताबिक ग्राहकों से एक हजार रुपए लेकर उन्हें कार्यालय के भीतर बने अलग कमरे में भेजा जाता था।
पुलिस ने मौके से संचालक जयश्रीबेन उर्फ मीनाबेन पुजारा (51) और उनके बेटे मीत चेतन पुजारा (22) को गिरफ्तार किया। दोनों कोठारिया रोड स्थित शारदा अपार्टमेंट के निवासी हैं। छापेमारी के दौरान एक युवती को मुक्त कराया गया। पुलिस ने नकदी, मोबाइल फोन सहित कुल 8800 रुपए का सामान जब्त किया। आरोपियों के खिलाफ ए. डिवीजन पुलिस थाने में अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
दूसरी कार्रवाई में एएचटीयू ने शहर के कालावड रोड पर महिला कॉलेज चौक के पास कॉस्मो कॉम्प्लेक्स की पांचवीं मंजिल पर स्थित फ्लोरेंस वेलनेस स्पा सेंटर में छापा मारा। पुलिस को सूचना मिली थी कि मसाज की आड़ में ग्राहकों को बुलाकर अनैतिक गतिविधियां कराई जा रही हैं। टीम ने डमी ग्राहक भेजने के बाद कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार ग्राहकों से प्रवेश शुल्क के रूप में एक हजार रुपए लिए जाते थे, जबकि कथित ‘एक्स्ट्रा सर्विस’ के नाम पर 2500 रुपए अलग से वसूले जाते थे। इस मामले में राजस्थान के उदयपुर मूल के संचालक गणेश मीणा (23) को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने स्पा में मौजूद तीन युवतियों को मुक्त कराया।
वहीं दूसरी तरफ साबरकांठा जिले में हिम्मतनगर-प्रांतिज रोड पर एक कॉलेज के निकट किराए के मकान में कथित तौर पर चल रहे देह व्यापार का एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू) ने पर्दाफाश किया। पुलिस ने मौके से एक युवती को मुक्त कराया और राजस्थान निवासी आरोपी राजेन्द्र डूंगर को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 6 हजार रुपए जब्त किए। पुलिस सूत्रों के अनुसार व्हाइट हाउस में किराए के मकान में पिछले कुछ समय से देह व्यापार संचालित होने की सूचना मिली थी। इसके आधार पर एएचटीयू की टीम ने सोमवार को डमी ग्राहक भेजकर पहले इसकी पुष्टि की। जांच में सामने आया कि ग्राहकों से प्रवेश शुल्क के तौर पर 1,000 रुपए लेकर उन्हें युवतियों से मिलवाया जाता था।
Updated on:
27 Oct 2026, 9:20 PM IST
Published on:
27 Oct 2026, 9:18 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.