त्वरित निकाल का होगा प्रयास
वापी. वापी नगर पालिका द्वारा जल्द ही वार्डों में जाकर स्थानीय लोगों की समस्याओं की जानकारी लेने व उनके निराकरण का पहल की जाएगी। गत सामान्य सभा में इस संबंध में चर्चा के बाद सहमति भी बनी थी।
गत दिनों कई वार्ड के पार्षदों ने खुलेआम आरोप लगाया था कि सडक, गटर, सफाई और पानी जैसी समस्याओं पर की गई उनकी शिकायत को नपा अधिकारी गंभीरता से नहीं लेते हैं। कई पार्षदों ने कुछ अधिकारियों पर फोन रिसीव नहीं करने तक का भी आरोप लगाया था।
पार्षदों के अनुसार स्थानीय लोग किसी भी समस्या की शिकायत पहले उनसे करते हैं। मगर जब उनकी ही अधिकारी नहीं सुनते हैं तो उन्हें जनता की नाराजगी भी झेलनी पड़ती है। इस तरह की शिकायतों को देखते हुए सीओ की पहल पर यह पहल शुरु करने पर सहमति बनी। इस बारे में बताया गया है कि अलग अलग दिन वार्ड के अलग अलग क्षेत्रों में जाकर सीओ लोगों से मिलेंगे। इस दौरान पार्षद भी मौजूद रहकर अपने विस्तार की समस्याओं व लोगों की दिक्कतों को बता सकेंगे। इसके अंतर्गत रोड, स्ट्रीट लाइट, पानी, गटर, बरसाती पानी के निकाल, सफाई समेत कई समस्याओं के निकाल का कार्य जल्दी करने का प्रयास किया जाएगा। सीओ द्वारा सभी पार्षदों व अधिकारियों को भी इस संबंध सूचना देकर वार्ड दौरे के रुट तय किए जा रहे हैं। लोगों से भी दौरे के दौरान अपनी समस्याएं बताने की सलाह दी गई है।
नपा प्रमुख ने संभाला कार्यभार
वलसाड. नपा चुनाव के परिणामों के बाद नपा अध्यक्ष चुने गए भाजपा के पंकज आहिर ने सोमवार को प्रमुख का कार्यभार विधिवत संभाल लिया है।
गत सोमवार को भाजपा पार्षदों की बैठक में पंकज आहिर को प्रमुख चुना गया था। मगर उस दौरान होलाष्ठक होने के कारण उन्होंने कामकाज नहीं संभाला था। सोमवार को शाम चार बजे गणेश जी की पूजा अर्चना के बाद पंकज आहिर ने प्रमुख की कुर्सी संभाल ली है। उसके बाद पकंज आहिर ने बताया कि शहर मे विकास कामों को प्राथमिकता दी जाएगी और इसमें विपक्ष कतो भी साथ रखा जाएगा। किसी भी समस्या पर लोग उनसे सीधा संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि शहर में पानी की किल्लत सबसे पहले दूर की जाएगी। इसके साथ ही उप प्रमुख चुनी गई उर्मि देसाई ने भी अपना पद संभाल लिया है।