परिजनों ने नहीं करवाया पोस्टमार्टम
सूरत.
पांडेसरा नागसेननगर क्षेत्र में बुधवार सुबह आठ महीने की बच्ची की पानी की बाल्टी में गिरने से मौत हो गई। परिजनों ने पोस्टमार्टम करवाने से इनकार किया तो पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया।
पुलिस के अनुसार पांडेसरा नागसेननगर निवासी दशरथ कुश्वाहा पांडेसरा जीआइडीसी क्षेत्र की डाइंग मिल में नौकरी करता है। बुधवार सुबह उसकी आठ महीने की पुत्री दिव्यांशी पानी से भरी बाल्टी में गिर गई। उसकी पत्नी ने बच्ची को बाहर निकाला, लेकिन उसकी सांस नहीं चल रही थी। चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी जमा हो गए। लोगों ने पांडेसरा पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने पहुंच कर पंचनामे की कार्रवाई पूरी की, लेकिन परिजनों ने बच्ची का पोस्टमार्टम करवाने से मना कर दिया।
अटलजी की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा
सूरत. समस्त बिहार झारखण्ड समाज ट्रस्ट द्वारा पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन पांडेसरा वडोद के कम्युनिटी हाल में किया गया। सभा मे लोगों ने अटलबिहारी वाजपेयी के चित्र के समक्ष पुष्प अर्पित किए। अध्यक्ष सुनील अग्रवाल ने वाजपेयी के बारे में बताते हुए उनकी कविता सुनाई। संस्था के महासचिव प्रतुल चौधरी ने वाजपेयी के राजनीतिक जीवन के बारे में बताया। सोनल जैन ने कविता पाठ किया। संस्थापक अध्यक्ष अजय चौधरी ने उनके जीवन से सभी को सीख लेने की बात कही। श्रद्धांजलि सभा के बाद तेहरवीं के भोजन का आयोजन किया गया।
अतिक्रमण हटाया, लारियां और होर्डिंग्स जब्त किए
सूरत. शहरभर में अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ चल रहे मनपा के अभियान के तहत बुधवार को भी अधिकारियों ने कार्रवाई की। रांदेर जोन टीम ने अडजाण क्षेत्र में आनंदमहल रोड, डी मार्ट से रंगीला सर्किल की ओर जाते रास्ते, संस्कार भारती स्कूल के आसपास कार्रवाई कर अतिक्रमण हटाया। इस दौरान मनपा टीम ने लारियां, लोहे के स्टैंड्स, लकड़ी की मेजें, बोर्ड, बैनर समेत अतिक्रमण की वजह बन रहा अन्य सामान जब्त कर लिया। श्रीधर कॉम्प्लेक्स में मार्जिन की जगह अवैध निर्माण और अतिक्रमण भी दूर किया। इसके अलावा प्राइम आर्केड के समीप ग्रीन पार्क सोसायटी में विजिटर्स पार्किंग की जगह फेब्रिकेशन कर चल रहे रेस्टोरेंट को ढहा दिया गया। यहां से मनपा ने पार्किंग की ४५० वर्गफीट जगह खाली कराई।