सूरत

सूरती निर्यातकों के करोड़ों के पेमेन्ट अटके, ऑर्डर भी रद्द

विदेश से पेमेन्ट रुकने से एक्सपोर्टर्स चिंतित, केन्द्र से लगाई गुहार
3 min read
• •
Updated: 16 Apr 2018, 12:00 PM IST
file


सूरत

नीरव मोदी घोटाले का असर सूरत समेत देशभर के उद्यमियों पर पड़ रहा है। नीरव मोदी ने पंजाब नेशनल बैंक के साथ एलओयू के माध्यम से किए घोटाले के बाद बैंक अब विदेश से हो रहे आर्थिक व्यवहारों में फूंक-फूंक कर कदम उठा रहे हैं।
सूरत समेत देशभर में एक्सपोर्टर्स को इन दिनों पेमेन्ट की चिंता परेशान कर रही है। जीएसटी के कारण कुछ दिनों व्यापार डगमगाने के बाद जैसे-तैसे गाड़ी पटरी पर चढ़ रही थी, ऐसे में नीरव मोदी कांड के बाद निर्यातकों के लिए फिर से परेशानी बढ़ गई है। नीरव मोदी ने बैंकों से एलओयू के माध्यम से पेमेन्ट कराने के बाद भारत की बैंकों ने एलओयू देना बंद कर दिया है। इससे उद्यमियों को बड़ा धक्का लगा है, क्योंकि उन्हें विदेश से मशीनें खरीदना महंगा पड़ेगा। इसके अलावा सबसे बड़ा झटका तो पेमेन्ट के लिए लगा है। अब तक के नियम के अनुसार यदि सूरत के कोई व्यापारी ए विदेश के व्यापारी बी को माल भेजता था, तो बी अपने फायनेन्सर सी के माध्यम से पेमेन्ट करवाता था। यहां के उद्यमी बैंक में जाकर बैंकर्स को बिल वगैरह दिखाकर पेमेन्ट ले लेते थे, लेकिन नीरव मोदी मामले के बाद सरकार ने ऐसे व्यवहारों पर निगरानी बढ़ा दी। साथ ही बैंकों को ऐसे पेमेन्ट लेने पर कड़े नियम लगा दिए हैं। इस कारण बैंक विक्रेता और खरीदार के अकाउंट से हुए पेमेन्ट को ही मान्य कर रहे हैं। इस कारण से सूरत के कई कपड़ा निर्यातकों का पेमेन्ट विदेश में अटक गया है। पिछले दो महीने से निर्यातकों को पेमेन्ट के लिए मशक्कत करनी पड़ रही है। यदि सूरत के व्यापारी विदेश के व्यापारी को उनके अकाउंट से ही पेमेन्ट के लिए कहते हैं तो वहां के व्यापारी पेमेन्ट विलंब से करने या दूसरे ऑर्डर रद्द कर अब से ऑर्डर नहीं देने की धमकी देते हैं। इस बारे में यहां के उद्यमियों ने पिछले दिनों केन्द्र सरकार से गुहार भी लगाई थी, लेकिन कोई फैसला नहीं आया। माना जा रहा है कि सरकार को इस प्रकार के माध्यम से हवाला या अन्य गोलमाल की आशंका है।
पेमेन्ट की दिक्कत
विदेश के व्यापारियों के फायनेन्सरों से होने वाले पेमेन्ट अब बैंक स्वीकार नहीं कर रहे। इस कारण सूरत के निर्यातकों के पेमेन्ट अटक गए हैं। साथ ही वहां के व्यापारी नए ऑर्डर भी रद्द करने की धमकी दे रहे हैं।
गिरधर गोपाल मूंदड़ा, उद्यमी
निर्यातक चिंतित
जीएसटी के कारण पहले ही उद्यमी परेशान हैं। ऐसे में पिछले कुछ महीनों से आरओएसएल नहीं मिलने के कारण और अब विदेशों में व्यापार करने पर फायनेन्सरों से मिलने वाले पेमेन्ट पर रोक लगाने के कारण निर्यातकों की हालत पतली हो गई है।
धनपत जैन, निर्यातक
सरकार ध्यान दे
बैंकों के कड़े नियम के कारण निर्यातकों को परेशानी हो रही है। इसलिए केन्द्र सरकार को इस दिशा में ध्यान देना चाहिए। इसका असर एक्सपोर्ट पर पड़ रहा है।
नारायण अग्रवाल, प्रमुख, सिन्थेटिक रेयोन एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल
सूरत से कपड़े और हीरों का निर्यात ज्यादा

सिल्क सिटी और डायमंड सिटी के नाम से मशहूर सूरत से हर साल हजारों करोड़ रुपए के कपड़ों और हीरों का निर्यात होता है। सूरत पॉलिएस्टर कपड़ों का हब माना जाता है। यहां पर बने कपड़े देशभर में निर्यात होते हैं, पॉलिएस्टर कपड़े सस्ते होने से ज्यादातर खाड़ी के देशों में निर्यात किए जाते हैं। हीरों के मामले में सूरत अग्रणी हैं। क्योंकि दुनिया में तराशे हुए 90 प्रतिशत सूरत के होते हैं। सूरत के हीरा उद्यमियों के लिए अमरीका और यूरोप के देश बड़े ग्राहक हैं। पचास प्रतिशत से अधिक हीरे इन देशों में निर्यात होते हैं। एक अनुमान के अनुसार हर साल भारत में से एक लाख करोड़ से अधिक हीरों का निर्यात होता है, इसमें पचास प्रतिशत से अधिक सूरत के हीरा उद्यमियों का होता है।

Published on: