कपड़ा बाजार में टैम्पो चालकों से वसूले जा रहे पार्किंग शुक्ल को हटाने की मांग को लेकर मंगलवार को ग्रे फिनिश डिलीवरी टैम्पो वेलफेयर...
सूरत।कपड़ा बाजार में टैम्पो चालकों से वसूले जा रहे पार्किंग शुक्ल को हटाने की मांग को लेकर मंगलवार को ग्रे फिनिश डिलीवरी टैम्पो वेलफेयर एसोसिएशन के संचालकों ने शहर पुलिस आयुक्त को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई है कि जिस तरह मुख्यमंत्री विजय रूपाणी की घोषणा के बाद अहमदाबाद और वड़ोदरा में कॉमर्शियल वाहनों को कॉमर्शियल इमारतों में पार्किंग शुल्क से मुक्ति दी गई है, उसी तरह कपड़ा बाजार में टैम्पो चालकों को मार्केट एसोसिएशनों द्वारा वसूले जा रहे पार्किंग शुल्क से मुक्ति दिलवाई जाए।
कई मार्केट संचालक पार्किग शुल्क की जो वसूली करते हैं, उस पर जीएसटी भी अदा नहीं करते। जिन मार्केट में पार्किंग की व्यवस्था नहीं है, वहां माल ढुलाई के लिए पुलिस ने सडक़ पर पीली पट्टी की व्यवस्था की थी, लेकिन पीली पट्टी में माल ढुलाई के समय भी मनपा के अतिक्रमण निरोधक दस्ते के कर्मचारी कार्रवाई करते हैं और माल जब्त कर लेते हंै। उनका पुलिस के साथ किसी तरह का समन्वय नहीं है। मनपा कर्मी विभिन्न मार्केट में पार्किग की जगह पर किए गए अवैध निर्माण को तो दूर नहीं करते, गरीब टैम्पो चालकों पर कार्रवाई करते हैं।
कमेला दरवाजा से रघुकुल मार्केट की ओर सिंगल लाइन में टैम्पो पार्क होने के बावजूद यातायात पुलिसकर्मी व्हील लॉक कर देते हैं तथा ६०० रुपए का चालान बनाते हैं। दंड की राशि देने के बाद भी घंटों तक लॉक नहीं खोलते। इस वजह से टैम्पो चालकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है।
लोन दिलवाने का झांसा देकर दो के साथ ठगी
सलाबतपुरा और पूणागाम थाना क्षेत्रों में एक ट्रांसपोर्टर और एक ज्योतिषी को लोन दिलवाने के नाम पर ठगी के दो अलग-अलग मामले सामने आए हैं। पुलिस के मुताबिक उतराखंड के देहरादून की ग्लोबलटेक फाइनेंस कंपनी से लोन दिलवाने का झांसा देकर अंजलि शर्मा, अनुराग ठाकुर, मनीष, मिश्रा, मोहन वर्मा, संदीप वर्मा, सोनू सक्सेना, विजय और एक अन्य ने डिंडोली गोवर्धननगर निवासी परागदत्त मिश्रा के साथ ठगी की।
सलाबतपुरा के कोहिनूर हाउस में न्यू जय महावीर ट्रांसपोर्ट एक्सप्रेस सर्विस के नाम से कारोबार करने वाले पराग से उन्होंने अप्रेल में संपर्क किया और लाखों रुपए का बिजनेस लोन दिलवाने का झांसा देकर ४ लाख ३५ हजार २५३ रुपए ले लिए। उसे लोन नहीं दिलवाया। इसी तरह दिल्ली की नेहा मेगलानी और राजकुमार जैन ने गोडादरा की भक्तिनगर सोसायटी निवासी ज्योतिषी विजय कुमार रमाकांत झा के साथ ठगी की। उन्होंने १८ जून को फोन पर उससे संपर्क किया और लोन दिलवाने का झांसा देकर प्रोसेसिंग फीस के बहाने ४१ हजार १९० रुपए ऐंठ लिए।
आरटीआइ एक्टिविस्ट पर जानलेवा हमला
सचिन थाना क्षेत्र के उम्मीदनगर में एक आरटीआइ एक्टिविस्ट पर जानलेवा हमले को लेकर पुलिस ने तेरह जनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक गोपीपुरा मोमनावाड निवासी अशरफ पठान पर मान दरवाजा निवासी सलीम बिजनौरी, हबीब मंसूरी, साजिद मंसूरी, जावेद, युसुफ और अन्य आठ जनों ने सोमवार रात हमला किया। आरोपितों ने पांडेसरा सिल्वरनगर के प्लॉट नम्बर ६२ और मोहम्मदी नगर के प्लॉट नम्बर ४ तथा ५ के फर्जी दस्तावेज बना कर उन पर कब्जा कर लिया था।
इस संबंध में अशरफ ने उनके खिलाफ आरटीआइ दायर की थी, जिसकी वजह से वह उससे रंजिश रखे हुए थे। सोमवार रात करीब पौने आठ बजे अशरफ नमाज पढ़ कर लौट रहा था, तभी उम्मीदनगर के निकट उन्होंने चाकू, बेसबॉल बैट, तलवार आदि से उस पर हमला कर दिया और फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल अशरफ को निकटवर्ती अस्पताल में भर्ती करवाया गया।