सूरत. जूनियर केजी में पढ़ने वाली चार साल की मासूम बच्ची को शिक्षिका केपीटने का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। इसमें बच्ची की बगल में बैठी शिक्षिका लगातार उसकी पीठ पर थप्पड़ मारे जा रही है।
यह वीडियो कापोद्रा इलाके की साधना निकेतन स्कूल का है और स्कूल के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया था। घटना 9 अक्टूबर दोपहर के समय की है। साधना स्कूल में जूनियर केजी में पढ़ने वाली चार वर्षीय पीड़ित खुशी को पढाते समय शिक्षिका जसोदा ने उसे पीटा था। पीठ पर लाल निशान पड़ गए थे। बच्ची के घर पहुंचने पर उसकी मां ने जब यूनिफॉर्म बदली तो उसकी पीठ पर लाल निशान देखकर चौंक गई। बच्ची की पीठ पूरी तरह से लाल नजर आ रही थी। मां ने पूछा तो बच्ची ने सारी बात बताई। माता-पिता तुरंत स्कूल पहुंचे, लेकिन स्कूल बंद हो चुका था। दूसरे दिन स्कूल के प्राचार्य से इसकी शिकायत की गई।
- लिखने में हुई गलती की सजा :
कक्षा में सीसीटीवी कैमरे लगे हुए थे। अभिभावकों ने कैमरे की फुटेज देखने की मांग की। फुटेज देख माता-पिता दंग रह गए। शिक्षिका बच्ची को पीठ पर लगातार थप्पड़ मारे जा रही थी। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि बच्ची से लिखने में कोई गलती हुई। इस गलती को प्यार से सुधारने की जगह शिक्षिका उसके बगल में बैठकर उसे डांट रही है। फिर गलती को रबर से मिटाकर बच्ची को पीठ पर लगातार थप्पड़ मारती है। बाद में उसे चांटे भी लगाती है। इससे आसपास बैठे अन्य बच्चे डरे नजर आते हैं। शिक्षिका का मासूम बच्ची के प्रति इस क्रूरता भरा व्यवहार से आहत हुए अभिभावकों ने पुलिस थाने में शिकायत की है। कापोद्रा पुलिस उप निरीक्षक ए.एल.पंड्या ने बताया कि बच्ची की माता धारा बेन की प्राथमिकी के आधार पर शिक्षिका जसोदा बेन को गिरफ्तार किया गया है।