- नवरात्र पर अवकाश क्यों नहीं दिया, बताएं दो दिन में - जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय ने 350 से अधिक स्कूलों को आदेश उल्लंघन का भेजा नोटिस
सूरत.
नवरात्र अवकाश नहीं देने वाले स्कूलों को अब शिक्षा विभाग ने नोटिस देना शुरू कर दिया है। जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय की ओर से शहर के 350 से अधिक स्कूलों को आदेश का उल्लंघन करने पर नोटिस भेजा गया है। स्कूलों को इसका जवाब दो दिनों में देना होगा।
सरकार और शहर के निजी स्कूलों के बीच नवरात्र अवकाश को लेकर विवाद चल रहा है। निजी स्कूलों ने सरकार के आदेश की धज्जियां उड़ा दी हैं। ज्यादातर निजी स्कूलों ने नवरात्र अवकाश रखने के आदेश का पालन नहीं किया है। अवकाश के आदेश का पालन हो रहा है या नहीं, इस पर नजर रखने का जिम्मा जिला शिक्षा अधिकारी को सौंपा गया था। अब जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय ने दो दिनों बाद कार्रवाई करना शुरू किया है। कार्रवाई के नाम पर नोटिस दिए जा रहे हैं। जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय की ओर से शहर के 350 से अधिक निजी स्कूलों को नोटिस भेजे गए हैं। इसमें उल्लेख है कि सरकार की ओर से अवकाश घोषित होने के बावजूद स्कूल क्यों खुले रखे गए। इसका जवाब दो दिनों के अंदर दिया जाए। पहले से ही निजी स्कूलों ने मान रखा था कि स्कूल खुले रखने पर कड़ी कार्रवाई नहीं होने वाली है। सरकार की ओर से मात्र नोटिस भेजा जाएगा। इसका जवाब सरकार को दे दिया जाएगा।
संचालक झुकने को तैयार नहीं
नवरात्रि अवकाश के मुद्दे पर निजी स्कूल संचालक झुकने को तैयार नहीं हैं। इस दौरान स्कूलों को बंद रखने के लिए राज्य सरकार के नोटिस को लेकर शहर के निजी स्कूल संचालक मंडल का कहना है कि नोटिस का जवाब नोटिस से दिया जाएगा, क्योंकि स्कूलों में पढ़ाई से किसी तरह के नियम का उल्लंघन नहीं हो रहा है। इस मुद्दे पर डायमंड और टैक्सटाइल एसोसिएशन भी निजी स्कूलों को समर्थन दे रहे हैं।