सूरत

FEE ISSUE : एक और स्कूल ने फीस मामले में विद्यार्थियों को किया सस्पेंड

स्कूल डायरी में अभिभावकों से लिया जा रहा है अंडरटेकिंग नोट

2 min read
Apr 13, 2018

सूरत. पीपलोद की एक और निजी स्कूल ने फीस के मामले को लेकर विद्यार्थियों को निलंबित कर दिया है। अभिभावक स्कूल के खिलाफ शिकायत लेकर जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय पहुंचे। शहर के स्कूलों ने अभिभावकों पर शिकंजा कसने के लिए अंडरटेकिंग नोट लेना शुरू कर दिया है। स्कूल के खिलाफ किसी भी तरह की गतिविधि में अभिभावक नजर आए तो स्कूल विद्यार्थी पर कड़ी कार्रवाई करेगा, इस तरह के अंडरटेकिंग नोट पर अभिभावकों से हस्ताक्षर करवाए जा रहे हैं।
फीस के मामले को लेकर विद्यार्थियों पर स्कूल की ओर से कड़ी कार्रवाई का सिलसिला जारी है। दूसरी ओर जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय किसी तरह की कार्रवाई नहीं कर रहा है। इससे अभिभावक और विद्यार्थी परेशान हैं। फीस नहीं भरने पर विद्यार्थियों को स्कूल से निकाला जाने लगा है। पीपलोद के एक स्कूल ने गुरुवार को फीस नहीं जमा करने पर विद्यार्थियों को निलंबित कर दिया। अभिभावकों को इस बारे में जानकारी मिली तो वह स्कूल पहुंच गए। स्कूल के इस कदम पर अभिभावकों और स्कूल प्रशासन के बीच गरमागरम बहस चलती रही। स्कूल फीस लेने की जिद पर अड़ा रहा और अभिभावक सरकार के फैसले के बाद फीस जमा करने की बात कहते रहे। स्कूल प्रशासन के खिलाफ अभिभावकों ने विरोध प्रदर्शन भी किया। स्कूल के बाहर धरना भी दिया गया। बाद में अभिभावक शिकायत करने जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय पहुंचे।

स्कूलों की ओर से कड़ी कार्रवाई शुरू

ये भी पढ़ें

FEE ISSUE : फीस नहीं भरने पर विद्यार्थियों को निकाला

फीस जमा नहीं करने पर स्कूलों की ओर से कड़ी कार्रवाई शुरू हो गई है। कई स्कूलों ने बच्चों को आगे की कक्षा में प्रमोट नहीं किया है तो कई स्कूलों ने बच्चों के परिणाम नहीं दिए हैं। इसकी शिकायत जिला शिक्षा अधिकारी से की गई, लेकिन एक भी मामले में जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय की ओर से कार्रवाई नहीं की गई है। अभिभावकों को शांत करने के लिए स्कूल को सिर्फ नोटिस भेजा जा रहा है। स्कूल से बच्चों के खिलाफ की गई कार्रवाई पर जवाब मांगा जा रहा है। स्कूल प्रशासन फीस जमा नहीं करने पर कार्रवाई किए जाने का जवाब भेज रहे हैं। मामला अदालत में होने का भी उल्लेख किया जा रहा है।

अभिभावकों पर लगाम का नया फार्मूला
शहर के एक स्कूल ने अभिभावकों पर लगाम कसने का नया फार्मूला निकाला है। स्कूल की डायरी में एक अंडरटेकिंग नोट छपवाया गया है। इसमें उल्लेख किया गया है कि अभिभावक स्कूल के खिलाफ किसी भी तरह की गतिविधि में नजर आए तो बच्चे पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस अंडरटेकिंग नोट के लिए बच्चे के साथ अभिभावक का फोटो मांगा गया है। नोट पर हस्ताक्षर लेकर स्कूल अपने पास जमा कर रहा है, जिससे पूरे साल अभिभावक नियंत्रण में रहें।

ये भी पढ़ें

FEE ISSUE : लो..अब ‘वीडियो वॉर’ शुरू..
Published on:
13 Apr 2018 02:26 pm
Also Read
View All