सूरत

FEE ISSUE : अभिभावकों ने फीस के खिलाफ शुरू किया अभियान

फीस के मामले को लेकर यूथ कांग्रेस भैंस को लेकर पहुंचे विरोध प्रदर्शन करने

2 min read
Apr 26, 2018
surat photo

सूरत. निजी स्कूलों की मनमानी फीस के खिलाफ शहर के अभिभावकों ने अब हस्ताक्षर कैम्पेन शुरू किया है। अभिभावकों ने स्कूल में अभिभावक संगठन अनिवार्य रूप से होने की मांग की है। साथ ही स्कूल की ओर से की जाने वाली स्कूल एक्टिविटी को ऑप्शनल करने की भी मांग की है।

अभिभावकों को कोई ठोस जवाब नहीं मिला है
शहर की स्कूलों की फीस का विवाद थम नहीं रहा है। शहर के अभिभावक सरकार, एफआरसी और जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय को जगाने के लिए अनशन का सहारा लिया है। प्रशासन की ओर से अभी तक अभिभावकों को कोई ठोस जवाब नहीं मिला है। इसलिए अभिभावकों ने हस्ताक्षर कैम्पेन शुरू किया है। अभिभावकों ने एक पत्रक तैयार किया है। इसमें स्कूल के संचालक सभी लेखा-जोखा को सार्वजनिक हो, स्कूल में अनिवार्य रूप से अभिभावकों का संगठन हो, स्कूल की एक्टिविटी को ऑप्शनल करने की मांग की गई है। अभिभावकों ने इस कैम्पेन में अधिक से अधिक लोगो को जोडऩे का प्रयास किया है। इन सभी पत्रकों को प्रशासन को भेजा है।

भैंस को लेकर कलक्टर कार्यालय पहुंचे विरोध प्रदर्शन करने
फीस के मामले को लेकर यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता भैंस को लेकर विरोध प्रदर्शन करने कलक्टर कार्यालय पहुंचे। यूथ कांग्रेस की ओर से कलक्टर को ज्ञापन सौंपा गया है। कार्यकर्ताओं ने कलक्टर परिसर में भैंस के सामने बीन बजाकर सरकार के कार्य का मजाक उड़ाते हुए विरोध प्रदर्शन किया। यूथ कांग्रेस की ओर से आरोप लगाया गया है कि फीस विधेयक पारित होने के बाद भी इस पर सही से अमल नहीं हो रहा है। शहर के स्कूल संचालक अभिभावकों पर फीस भरने के लिए दबाव बना रहे हैं। फीस नहीं मिलने पर बच्चों को स्कूल से निकाला जा रहा है। फीस नहीं भरने वाले विद्यार्थियों के प्रवेश रद्द कर दिए जा रहे हैं। इस मामले में जल्द कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए तो आंदोलन किया जाएगा।

Published on:
26 Apr 2018 01:20 pm