सूरत

नोटबंदी में बड़ी रकम जमा करने वाले चार सौ करदाताओं को अंतिम नोटिस

30 जून तक जवाब नहीं देने पर आयकर विभाग 112 प्रतिशत टैक्स के अनुसार करेगा वसूली

less than 1 minute read
Jun 21, 2019
नोटबंदी में बड़ी रकम जमा करने वाले चार सौ करदाताओं को अंतिम नोटिस

सूरत
सेन्ट्रल बोर्ड ऑफ डायरेक्ट टैक्स के निर्देश पर देशभर में सभी आयकर कमिश्नरेट में नोटबंदी के दिनों में बड़ी रकम जमा करने वाले और रिटर्न फाइल नहीं करने वालों को डिपार्टमेन्ट की ओर से 30 जून तक जवाब देने का अंतिम नोटिस दिया जा रहा है। यदि वह संतोषजनक जवाब नहीं देते तो आयकर विभाग उनसे 112 प्रतिशत के हिसाब से टैक्स की वसूली कर सकता है। सूरत कमिश्नरेट में लगभग 400 करदाताओं को नोटिस दिया गया है।
आयकर विभाग के सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार वर्ष 2016 में नोटबंदी के दिनों में कई लोगों ने अपने बैंक अकाउन्ट में लाखो रुपए जमा किए थे। सूरत और दक्षिण गुजरात में भी कई लोगों ने बंैक अकाउन्ट में बड़ी रकम जमा करवाई थी। इनमें से कुछ लोग ऐसे भी है जिन्होंने कि नोट जमा करने की जानकारी आयकर विभाग से छुपाई है। उन्होंने रिटर्न फाइल नहीं किया या रिटर्न फाइल किया तो उसमें यह जानकारी छुपाई है। सेन्ट्रल बोर्ड ऑफ डायरेक्ट टैक्स ने जिन लोगों ने रिटर्न फाइल नहीं किया उनके खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। सूरत कमिश्नरेट में लगभग ऐसे 400 करदाताओं को नोटिस देकर 30 जून तक अपना जवाब देने को कहा गया है। यदि उनके जवाब के बाद आयकर विभाग को संतोष नहीं होता तो विभाग 112 प्रतिशत के अनुसार टैक्स की वसूली कर सकता है।
उल्लेखनीय है कि फिलहाल सीबीडीटी की ओर से 10 लाख रुपए से अधिक राशि जमा करने वालों की जानकारी ही संबंधित कमिश्नरेट को भेजी गई है। संभवत: आगामी दिनों में इससे कम राशि की जानकारी भी भेजी जा सकती है।

Published on:
21 Jun 2019 08:48 pm
Also Read
View All