सूरत

सूरत में फिर एक स्कूल वैन में आग, 3 बच्चे बाल-बाल बचे

जनवरी के हादसे के बाद भी मासूमों की सुरक्षा पर ध्यान नहीं

2 min read
Apr 27, 2018

सूरत. स्कूल जाने वाले बच्चों की सुरक्षा की न तो स्कूल प्रशासन को परवाह है और न ही आरटीओ विभाग को। शहर में शुक्रवार को फिर एक स्कूल वैन धू-धू कर जल उठी। इसमें तीन विद्यार्थी सवार थे। लोगों की सतर्कता ने इन्हें समय पर बस से बाहर निकाल लिया गया। इससे पहले जनवरी में एक स्कूल वैन में आग लगने से चार बच्चे गंभीर रूप से झुलस गए थे। इसके बाद आरटीओ प्रशासन ने कुछ दिन स्कूली वाहनों पर ध्यान दिया, लेकिन मामला शांत होते ही फिर पुराने ढर्रे पर लौट गया।
शुक्रवार सुबह जीजे-05-जेबी-0877 नंबर की सीएनजी स्कूल वैन मोटा वराछा शीतलामाता मंदिर (नवा फलिया) के पास से गजेरा स्कूल जा रही थी। वैन विमल नरेश पटेल चला रहा था। इसमें तीन विद्यार्थी सवार थे। अचानक वैन में आग लग गई। आस-पास के लोग मदद के लिए दौड़ पड़े। वैन से तीनों बच्चों को बाहर निकाल लिया गया। इसके बाद वैन की आग और तेज हो गई। लोगों ने दमकल विभाग को जानकारी दी। दमकल विभाग ने पहुंचकर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक वैन बुरी तरह जल गई थी। यह सीएनजी वैन थी। जनवरी में भी एक स्कूल की सीएनजी वैन में आग लगी थी।

जनवरी में स्कूल वैन में धधकी आग, तीन विद्यार्थी झुलसे
इंदौर में स्कूल बस के हादसे ने पूरे देश को रुला दिया था। ऐसा ही बड़ा अनर्थ सूरत में जनवरी में गुरुवार सुबह घट जाता। स्कूल वैन में अचानक धधकी आग कई विद्यार्थियों के जीवन को लील लेती। यह हादसा सूरत के घोड़ दौड़ स्थित शहर के प्रतिष्ठित सेवन्थ डे स्कूल की वैन के साथ हुआ। सीएनजी किट वाली इस वैन में गैस लीकेज होने से धधकी आग में वैन चालक तथा चार विद्यार्थी झुलस गए, वहीं बाकी बच्चों को सकुशल बचा लिया गया। जानकारी के अनुसार वैन करीब १५ बच्चों को घरों से लेकर स्कूल आ रही थी, तभी घोड़दौड़ रोड पर उसमें सीएनजी गैस लीक होने लगी। वैन चालक और विद्यार्थी कुछ समझ पाते, तभी उसमें शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। वैन को आग में घिरा देख राहगीर मदद के लिए दौड़ आए। उन्होंने वैन का कांच तोड़ दिया और अफरा-तफरी के बीच वैन में सवार विद्यार्थियों को तत्काल बाहर निकला। आग इतनी तेजी से भभकी कि वैन चालक विष्णु मिश्रा तथा भटार निवासी मेहूल ओमप्रकाश वोरा (13), पुरुषोत्तमनगर निवासी शिवम मनीष जरीवाला (11), जयअंबेनगर निवासी मानसी मधुसूदन गांधी (12) और नीलकंठनगर निवासी रिया निशाद चेवली (11) झुलस गए। वैन में बड़ी कक्षाओं के विद्यार्थी होने से वे तुरंत बाहर निकल गए, नहीं तो गंभीर हादसा घट जाता। सूचना मिलते ही पुलिस और स्कूल प्रबंधन के लोग मौके पर पहुंच गए और झुलसे बच्चों को अस्पताल पहुंचाया गया। वैन में 15 बच्चे सवार थे, जो क्षमता से कहीं अधिक थे।

ये भी पढ़ें

इंडेप्थ स्टोरी : निजी स्कूलों में किताबों का खर्च पड़ता है भारी

ये भी पढ़ें

इंडेप्थ स्टोरी : निजी स्कूलों में किताबों का खर्च पड़ता है भारी
Published on:
27 Apr 2018 09:09 pm
Also Read
View All