सूरत

भारी बारिश से अंबिका नदी में बाढ़ के हालात

वांसदा और खेरगाम के साथ ही वलसाड जिले के कपराडा में भारी बारिश से गांवों का संपर्क टूटा, डांग में भी जबरदस्त बारिश
2 min read
• •
Updated: 7 Jul 2018, 8:57 PM IST
patrika
भारी बारिश से अंबिका नदी में बाढ़ के हालात

वापी. वलसाड. नवसारी. जुलाई की शुरुआत से सक्रिय हुआ मानसून अब परेशानी का सबब बनता दिख रहा है। अंबिका नदी के कैचमेंट एरिया डांग जिले में बीती रातभर हुई जबरदस्त बारिश से नदी उफान पर है और निचले इलाकों में बाढ़ के हालात हैं। वलसाड जिले के कपराडा में बारिश के कारण गांवों का संपर्क टूट गया है। वापी में हल्की बौछारों से मौसम खुशनुमा रहा।

नवसारी. नवसारी में पिछले दिनों हुई बारिश के बाद बादलों ने विराम लिया था। शुक्रवार रात दस बजे से ऊपरी क्षेत्र समेत वांसदा-खेरगाम में रातभर हुई तेज बारिश ने जनजीवन अस्तव्यस्त कर दिया। भारी बारिश के चलते जिले की सभी नदियां दोनों किनारों को छूकर बहने लगी हैं। डांग जिले में हुई बारिश का असर अंबिका नदी में दिख रहा है। नदी का जलस्तर बढ़ गया है जिससे डांग के कई को•ावे व रास्ते प्रभावित हुए है। नवसारी जिले में भी दोपहर के बाद गणदेवी तहसील क्षेत्र में अंबिका का जलस्तर बढने से किनारों के गांवों में बाढ़ के हालात बने हुए है। शाम को गणदेवी के धमडाछा, अजराई, देवसर, देवधा, वाघरेच, घोल समेत किनारे के अन्य गांवों के लोगों को सतर्क रहने की हिदायत दी गई है। शनिवार शाम 4 बजे तक बीते 24 घंटों में वांसदा में 100 मिमी, खेरगाम में 41 मिमी, नवसारी में 24 मिमी, जलालपोर में 22 मिमी, गणदेवी में 16 मिमी और चिखली में 15 मिमी बारिश दर्ज की गई।

प्रशासन अलर्ट

अंबिका का जलस्तर बढने की संभावना को देखते हुए शनिवार सुबह जिले के सभी अधिकारियों को बिना मंजूरी हैड क्वार्टर नहीं छोडऩे के आदेश दिए गए हैं। बाढ़ से निपटने के लिए अधिकारियों को सतर्क कर दिया गया है। दोपहर को जिला कलक्टर डॉ. एमडी मोडिया ने गणदेवी तहसील के धमडाछा, अजराई, तलीयारा, वाघरेच, घोल गांव की मुलाकात कर स्थिति का दौरा किया। उन्होंने बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए बोट, तैराकों समेत पूरे तंत्र को अलर्ट पर रहने के लिए कहा है। धमडाछा के पास अंबिका के डुबाव पुल पर सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बंदोबस्त लगाया गया है। तटीय क्षत्र के गांवों के मछुआरों को 12 जुलाई तक दरिया में नहीं जाने की सूचना दी गई है।

कपराडा का गावों से सम्र्पक टूटा

वलसाड. महाराष्ट्र के कई गांव जिले के कपराडा से जुड़े हैं। ऊपरी क्षेत्र में भारी बारिश से कपराडा के कई इलाकों में पानी भर गया है। कपराडा की स्वर्ग वाहिनी नदी, पार नदी और अन्य कई नदियां उफान पर हैं। नदियों के किनारा तोड़कर बहने से 20 से अधिक गांवों का कपराडा से संपर्क टूट गया है। जिला प्रशासन के मुताबिक कहीं से जानमाल के नुकसान की कोई खबर नहीं है। शनिवार को कपराडा में सबसे अधिक ५४ मिमी बारिश दर्ज की है। इसके अलावा धरमपुर में 22, पारडी में 19, वापी में चार और वलसाड में तीन एमएम बारिश दर्ज की गई। उमरगांव दिनभर सूखा रहा।

Published on: