गोल्ड ज्वैलरी का निर्यात भी बढ़ा
सूरत
मंदी से जूझ रहे हीरा उद्यमियों के लिए जुलाई व्यापार के तौैर से अच्छा रहा। पिछले साल की जुलाई की अपेक्षा इस साल जुलाई में कट-पॉलिश्ड हीरों के निर्यात में 12 प्रतिशत का उछाल आया है।
जेम्स एंड ज्वैलरी एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार पिछले साल जुलाई में 1647.62 मिलियन यूएस डॉलर के हीरों का निर्यात हुआ था। इसके मुकाबले इस बार जुलाई में 1839.87 मिलियन यूएस डॉलर के हीरों का निर्यात हुआ। गोल्ड ज्वैलरी में 161. 55 प्रतिशत का उछाल आया। पिछली जुलाई में 385.43 मिलियन यूएस डॉलर की ज्वैलरी के मुकाबले इस जुलाई में 1008.09 मिलियन यूएस डॉलर की गोल्ड ज्वैलरी का निर्यात हुआ। गोल्ड कॉइन में 39 प्रतिशत की कमी आई। पिछली जुलाई में 58.68 के मुकाबले इस साल जुलाई में 35.80 मिलियन यूएस डॉलर के गोल्ड कॉइन का निर्यात हुआ। हीरा उद्यमियों के अनुसार पिछले दिनों अमरीका, यूरोप, चीन में ज्वैलरी की डिमांड बढऩे के कारण कट और पॉलिश्ड हीरों का निर्यात बढ़ा है। आगामी दिनों में भी अच्छी डिमांड रहने की उम्मीद है।
वराछा क्षेत्र में दूसरे दिन भी निगरानी, बस सेवा शुरू
हार्दिक पटेल के अनशन को लेकर वराछा क्षेत्र में दूसरे दिन भी पुलिस का बंदोबस्त रहा। हालांकि रक्षाबंधन पर मनपा की ओर से बीआरटीएस और सिटी बस सेवा बहाल कर दी गई।
पाटीदारों को आरक्षण, किसानों का कर्ज माफ करने और युवाओं को रोजगार जैसी मांगों को लेकर पाटीदार आरक्षण आंदोलन समिति के समन्वयक हार्दिक पटेल ने शनिवार से अहमदाबाद में अनशन शुरू किया है। सूरत में किसी तरह की अप्रिय घटना नहीं हो, इसलिए पुलिस आयुक्त सतीश शर्मा ने शनिवार सुबह ही आंदोलन का केन्द्र रहे पाटीदार बहुल क्षेत्र वराछा में पुलिस तैनात कर दी थी। हालांकि शनिवार को किसी तरह की अप्रिय घटना नहीं हुई, इसके बावजूद रविवार को भी क्षेत्र में पुलिस बंदोबस्त जारी रखा गया। वराछा, कापोद्रा, सरथाणा, पूणागाम आदि क्षेत्रों में पुलिस के जवान तैनात रहे। शनिवार को बंद रखी गईं बीआरटीएस और सिटी बस सेवाएं रविवार को शुरू कर दी गईं।