4 सितंबर 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

सूरत: मकान में मिले मां-बेटी के शव, महिला ने बेटे को फोन कर कहा-‘हिमांशु हमें…’ साथ रहने वाला युवक फरार

सूरत के पुणागाम क्षेत्र की शिवनगर सोसायटी में एक घर से 40 वर्षीय महिला और उसकी 19 वर्षीय बेटी के शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से सनसनी फैल गई। मृतका के पति ने साथ रह रहे एक युवक पर दोनों की हत्या का आरोप लगाया है।
2 min read
Google source verification

सूरत

image

kamlesh sharma

Sep 04, 2026

surat

मकान में मिले मां-बेटी के शव। फोटो पत्रिका नेटवर्क

सूरत। शहर के पुणागाम क्षेत्र में रेशमा चौकड़ी के पास शिवनगर सोसायटी में एक ही घर से मां और 19 वर्षीय बेटी के शव मिलने से सनसनी फैल गई। दोनों की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस का आला काफिला मौके पर पहुंचा और शवों को कब्जे में लेकर स्मीमे अस्पताल में फोरेंसिक पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के पति ने उनके साथ पिछले डेढ़-दो साल से रह रहे युवक हिमांशु सिंह पर दोनों की हत्या करने का आरोप लगाया है। वारदात के बाद से आरोपी युवक फरार है और मृतका मां-बेटी के मोबाइल फोन भी गायब हैं।

जानकारी के अनुसार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के अयोध्या निवासी अवधेश श्रीवास्तव सूरत में हीरा श्रमिक हैं। वे पत्नी जशादेवी (40), बेटी मुस्कान (19) और तीन बेटों के साथ शिवनगर सोसायटी में रहते हैं। घटना के समय जुड़वां बेटे आदित्य और अंश स्कूल गए हुए थे, जबकि 18 वर्षीय बेटा आकाश निजी कंपनी में ड्यूटी पर था। घर में उस समय जशादेवी और मुस्कान ही मौजूद थीं।

फोन पर मां ने कहा- 'हिमांशु हमें मार रहा है'

मामले में सबसे अहम जानकारी मृतका के बेटे आकाश ने पुलिस को दी है। आकाश के अनुसार, दोपहर के समय उसकी मां जशादेवी का फोन आया था। वह काफी घबराई हुई थीं। उन्होंने फोन पर कहा, 'हिमांशु सिंह हमें मार रहा है।' मां की बात सुनकर आकाश तुरंत दफ्तर से घर के लिए रवाना हो गया। हालांकि, सहारा दरवाजा क्षेत्र में भारी ट्रैफिक जाम के कारण वह रास्ते में फंस गया। जब वह घर पहुंचा तो बाहर लोगों की भारी भीड़ जमा थी। घर के अंदर उसकी मां और बहन के शव पड़े थे। घटना के बाद से जशादेवी और मुस्कान के मोबाइल फोन भी नहीं मिले हैं।

डेढ़ साल से परिवार के साथ रह रहा था हिमांशु

मृतका के पति अवधेश श्रीवास्तव ने पुलिस के समक्ष हिमांशु सिंह पर हत्या का आरोप लगाया है। उनके मुताबिक, हिमांशु पिछले करीब डेढ़ से दो साल से परिवार के साथ रह रहा था। कुछ दिन पहले उसका परिवार के साथ विवाद हुआ था। इस दौरान हिमांशु ने आकाश को जान से मारने की धमकी भी दी थी। अवधेश का कहना है कि परिवार ने उस समय उसकी धमकी को गंभीरता से नहीं लिया। अब मां-बेटी की मौत के बाद परिजनों का शक हिमांशु पर गहरा गया है। घटना के बाद से हिमांशु फरार है।

यह भी वीडियो देखें:

पोस्टमार्टम में नहीं मिले चोट के निशान

मामले की जांच में एक और पेचीदा तथ्य सामने आया है। फोरेंसिक विभाग के डॉक्टर संदीप रालोटी की प्राथमिक जांच के अनुसार, दोनों शवों के शरीर पर किसी तरह के चोट या हाथापाई के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं। ऐसे में मौत की वास्तविक वजह को लेकर स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस अब पोस्टमार्टम की विस्तृत रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।

आरोपी की तलाश में पुलिस की कई टीमें गठित

घटना के बाद पुलिस ने हिमांशु सिंह की तलाश के लिए कई टीमें गठित की हैं। पुलिस उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। इसके अलावा मोबाइल लोकेशन और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल मामले में हत्या समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। आरोपी के पकड़े जाने, सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों की जांच तथा फोरेंसिक पोस्टमार्टम की विस्तृत रिपोर्ट के बाद ही मां-बेटी की मौत की असली वजह सामने आ सकेगी।