सूरत

उधना स्टेशन पर अतिरिक्त खिडक़ी के निर्देश

मुम्बई रेल मंडल के एडीआरएम खुशाल सिंह ने उधना स्टेशन पर सीजन में भीड़ को लेकर करंट टिकट बुकिंग के लिए छह विंडो शुरू करने के निर्देश...

2 min read
Aug 12, 2018
Instructions for extra window at Udhana station

सूरत।मुम्बई रेल मंडल के एडीआरएम खुशाल सिंह ने उधना स्टेशन पर सीजन में भीड़ को लेकर करंट टिकट बुकिंग के लिए छह विंडो शुरू करने के निर्देश दिए हैं। फिलहाल चार खिड़कियां स्थाई रूप से कार्यरत हैं, जबकि सप्ताह में तीन दिन एक अतिरिक्त खिडक़ी शुरू की जाती है। आरक्षण केन्द्र में भी एक खिडक़ी से करंट टिकट देने की व्यवस्था करने को कहा गया है। खुशाल सिंह ने शुक्रवार को उधना स्टेशन का निरीक्षण किया। उनके साथ सूरत स्टेशन डायरेक्टर सी.आर. गरूड़ा और उधना स्टेशन के अधिकारी मौजूद थे।

उधना से नंदुरबार के बीच दोहरीकरण का कार्य पूरा होने के बाद मुम्बई रेल मंडल प्रबंधक शुक्रवार रात सूरत होते हुए शनिवार सुबह ताप्ती गंगा एक्सप्रेस में नंदुरबार जाने वाले हैं। खुशाल सिंह ने उधना स्टेशन के बाहर यात्रियों के लिए बनाए जा रहे शेड का कार्य देखा। प्लेटफॉर्म पर यात्री सुविधा बढ़ाने के लिए उन्होंने एक करंट टिकट विंडो आरक्षण केन्द्र में शुरू करने के निर्देश दिए। उल्लेखनीय है कि ग्रीष्मावकाश तथा दीपावली की छुट्टियों में टिकट लेने वालों की भीड़ बढ़ जाती है। यात्रियों को टिकट के लिए डेढ़ से दो घंटे कतार में खड़े रहना पड़ता है। छह खिड़कियों से टिकट मिलने पर सैकड़ों यात्रियों को लाभ मिलेगा।

२०.४० लाख की शराब जब्त, ट्रक चालक गिरफ्तार, 10 वांछित

राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 48 पर पुलिस ने गुरुवार को एक ट्रक से 20.40 लाख रुपए की अंग्रेजी शराब जब्त कर चालक को गिरफ्तार किया। शराब को सूरत के हजीरा पहुंचाना था। मामले में पुलिस ने अन्य दस जनों को वांछित घोषित किया है।

नवसारी ग्रामीण पुलिस को सूचना मिली थी कि दमण से एक ट्रक में अंग्रेजी शराब का जत्था सूरत की ओर जाने वाला है। इसे एक कार पायलोटिग कर रही है। इसके आधार पर पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 48 पर नवसारी के ग्रिड ओवर ब्रिज के उत्तरी छोर पर निगरानी बढ़ाई थी। सूचना वाली कार और ट्रक नजर आने पर पुलिस ने कार को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक तेज रफ्तार से फरार हो गया। इसके पीछे आ रहे ट्रक को पुलिस ने रोक लिया। तलाशी लेने पर ट्रक से 20.40 लाख रुपए के व्हीस्की-बीयर के कुल 305 बॉक्स में से 7,500 बोतलें मिलीं। पुलिस ने ट्रक चालक देलवाड़ा गांव निवासी प्रतापसिंह प्रेमसिंह चौहाण को गिरफ्तार किया।

पुलिस पूछताछ में चालक ने बताया कि 1 अगस्त की देर रात दमण के खाड़ीवाड़ समीप टाइल्स की कंपनी के पास के एक मकान से मनीष शेठ के आदमी पिन्टू, कल्पेश व उसकी पत्नी सायना ने शराब भरवाई थी। इसे सूरत के हजीरा का बूटलेगर कुलदीप अपनी कार में पायलोटिंग कर रहा था। शराब को कुलदीप के लोग सूरत के जहांगीरपुरा निवासी एवं मूल ओलपाड़ के कमरोली गांव के अश्विन कांती पटेल, सूरत के चौर्यासी तहसील के भठलाई गांव निवासी सतीश नाथू पटेल, ओलपाड़ के सायण निवासी जयेश एवं एक अज्ञात युवक का संपर्क कर पहुंचानी थी।

इस पर पुलिस ने शराब भरवाने वाले व मंगवाने वाले मिलाकर कुल नौ और ट्रक मालिक एवं देलवाड़ा गांव, शिव मंदिर के पीछे निवासी राजेश पटेल समेत 10 जनों को वांछित घोषित किया है। मौके से लाखों की शराब, 10 लाख का ट्रक और 1 हजार रुपए का मोबाइल फोन मिलाकर कुल 30.41 लाख रुपए का सामान जब्त कर नवसारी ग्रामीण थाने में प्राथमिकी दर्ज करवाई। पुलिस उपनिरीक्षक टीआर चौधरी ने मामले की जांच शुरू की है।

Published on:
12 Aug 2018 10:49 pm
Also Read
View All