सूरत

डांग में कई जगहों पर भूस्खलन

जिला प्रशासन ने यातायात के लिए 16 मार्गों को बंद किया
2 min read
• •
Updated: 7 Jul 2018, 9:05 PM IST
patrika
डांग में कई जगहों पर भूस्खलन

वांसदा. राज्य के चेरापूंजी कहे जाने वाले डांग में गत 24 घंटे से हो रही भारी बारिश के कारण आहवा के वघई, सुबीर और सापुतारा में नदी-नाले उफान पर हैं। पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही बरसात के कारण वघई से सापुतारा, वघई से आहवा, आहवा से सापुतारा, आहवा से महाल, सुबीर जैसे दुर्गम और घाट मार्ग पर भूस्खलन तथा पेड़ गिरने की घटनाएं सामने आई हैं।

जिले की अंबिका, गिरा और खापरी सहित धोधड़ नदी में तेज बहाव व बाढ़ के कारण जिला प्रशासन ने यातायात के लिए 16 मार्गों को बंद कर दिया है। इन मार्गों पर दोनों ओर होम गार्ड और ग्राम रक्षक दल के जवानों को तैनात किया गया है। कलक्टर बीके कुमार ने बारिश का नजारा देखने के लिए आने वाले पर्यटकों से सावधानी बरतने की अपील की है।

प्रभावित हुए गांव

भारी बारिश के कारण डांग जिले के कई गांव प्रभावित हुए हैं। इसमें आहवा तहसील में लहानभदास, चिरापाड़ा, कुतरनाच्या, वांगन, चवडवेल, गायखास, बरम्यावड, चोक्या, पांडवा, अंजनुकंड, खाजुरना और रानपाड़ा गांव शामिल हैं। जबकि वघई के उगा चिचपाड़ा, कुमारबांध, लहान, बरडा, सूर्या बरडा, निंबारपाड़ा, चिखलदा और सुरसरदा गांव प्रभावित हैं। इन गांवों के कोजवे पानी में डूब गए हैं। कलक्टर के अनुसार बरसात बंद होने पर चार से पांच घंटे में पानी उतर जाने की संभावना है।

इतनी हुई बरसात

आहवा में शुक्रवार सुबह छह बजे से शनिवार सुबह छह बजे तक 360 मिमी तथा सुबह छह से दोपहर दो बजे तक 175 मिमी बरसात दर्ज की गई। वघई तहसील में 799 मिमी और 184 मिमी, सुबीर तहसील में 364 मिमी और 204 मिमी, सापुतारा में 340 मिमी और 119 मिमी बरसात दर्ज की गई। सीजन में अब तक आहवा में 535 मिमी, वघई में 983 मिमी, सुबीर में 204 मिमी तथा सापुतारा में अब तक 459 मिमी बरसात दर्ज की गई है।

अंबिका का जलस्तर बढ़ा

नवसारी. डांग जिले में हुई भारी बारिश के चलते अंबिका नदी में बाढ़ के हालात बने है। शनिवार शाम 7 बजे के बाद अंबिका का जलस्तर बढकर 22 फीट तक जा पहुंचा। गणदेवी-अमलसाड मार्ग पर धमडाछा पुल पर पानी आने से प्रशासन ने इस रास्ते को बंद कर दयिा है। अजराई समीप के कुछ झोपडों में पानी भर जाने की सूचना मिली है। हालांकि प्रशासन ने अभी यहां से किसी का स्थलांतरण नहीं करवाया है।

Published on: