सूरत

बनने लगी लिस्टें, जाएगी कई बसें

विधानसभा क्षेत्रवार कपड़ा व्यापारी सूरत में खंगाल रहे है मतदाता सूची

3 min read
Nov 26, 2018
बनने लगी लिस्टें, जाएगी कई बसें

सूरत. तस्वीरों में जो दिख रहे है वे राजस्थान की किसी विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशी कार्यालय पर कार्य कर रहे पार्टी कार्यकर्ता नहीं बल्कि सूरत के कपड़ा व्यापारी है और अपने ही व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर ये लोग चुनावी तैयारियों में व्यस्त दिख रहे है। ज्यों-ज्यों चुनाव नजदीक आ रहे है त्यों-त्यों सूरत महानगर में सरगर्मी भी बढ़ती जा रही है। प्रवासी राजस्थानी कपड़ा व्यापारी अपने व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर विधानसभा क्षेत्रवार मतदाता सूची खंगालने के महत्वपूर्ण कार्य को पूरा करने में सक्रिय हो गए है।
ऐसा शायद ही कहीं देखने को मिलता होगा कि विधानसभा चुनाव एक राज्य में होते है और प्रत्याशी दूसरे राज्य में जाकर प्रचारकार्य करता हो पर सूरत में पिछले कई दिनों से ऐसा चल रहा है। अभी तक राजस्थान विधानसभा चुनाव में शामिल एक दर्जन करीब पार्टी प्रत्याशी नामांकन भरने के बाद सूरत आकर अपने-अपने समर्थकों से सम्पर्क साध चुके है और उन्हें आवश्यक जिम्मेदारियां भी सौंप गए है। प्रत्याशियों के सूरत आने का दौर तो अगले दिनों में भी चलता रहेगा। उधर, पार्टी व प्रत्याशी समर्थक कपड़ा व्यापारियों ने भी अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए पहले महत्वपूर्ण कार्य के रूप में तयशुदा विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में शामिल सूरत में बसे मतदाताओं की छंटनी उनकी पंचायत के मुताबिक शुरू कर दी है। इस कार्य में फिलहाल राजस्थान के पाली जिले की मारवाड़ जंक्शन, जैतारण, पाली तथा उदयपुर जिले की गोगुंदा, मावली, राजसमंद जिले की कुंभलगढ़, नाथद्वारा आदि विधानसभा क्षेत्र के कपड़ा व्यापारी सक्रिय है।


आदर्श मार्केट-1


सोमवार शाम कपड़ा बाजार में व्यापारिक गतिविधियों से थोड़ा अलग होकर यहां के एक प्रतिष्ठान पर न्यू टैक्सटाइल मार्केट, सूरत टैक्सटाइल मार्केट, न्यू टैक्सटाइल टावर मार्केट, अभिषेक मार्केट, शिवशक्ति मार्केट आदि के कपड़ा व्यापारी जमा हुए। उन्होंने सबसे पहले पाली जिले की मारवाड़ जंक्शन, पाली, जैतारण, सोजत, बाली, सुमेरपुर विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची मंगवाई। बाद में यहां बसे प्रवासियों के नाम विधानसभा क्षेत्र की पंचायत वार विभिन्न निर्देशिका एवं पुरानी सूची से अलग-अलग कागजों में दर्ज किए गए। इस संबंध में कपड़ा व्यापारी पेमाराम सोयल बताते हैं कि नामों की छंटनी के बाद एक या उसके आसपास की दो-तीन पंचायतों के करीब 45-50 मतदाताओं की सूची बनाई जाएगी। इन सुचियों के आधार पर ही बसों की बुकिंग आगामी दिनों में की जाएगी।


सूरत टैक्सटाइल मार्केट-2


यहां पर व्यापारिक प्रतिष्ठान में कपड़ा बाजार के न्यू रतन मार्केट, अभिनंदन मार्केट, जश मार्केट, वणकर संघ मार्केट, शिवशक्ति मार्केट, न्यू टैक्सटाइल टावर मार्केट आदि के कपड़ा व्यापारी योजना के मुताबिक सोमवार शाम को जमा हुए। ये सभी व्यापारी उदयपुर जिले की गोगुंदा, मावली एवं राजसमंद जिले की कुंभलगढ़ व नाथद्वारा विधानसभा क्षेत्र के थे। यहां भी व्यापारियों ने आदर्श मार्केट में जमा पाली जिले के कपड़ा व्यापारियों के समान ही मतदाता सूची के साथ स्थानीय लोगों की सुचियों को जोड़ा और फिर नामों की छंटनी की। व्यापारी पुखराज जोशी बताते हैं कि सूरत से पांच वर्ष पहले विधानसभा चुनाव और बाद में नगरपालिका व पंचायत चुनाव में भी प्रवासी मतदाता गए थे, पहले उसी लिस्ट से नाम छांटे गए है।


अभी यहां की भी होगी तैयारी


कपड़ा बाजार में व्यापार के साथ-साथ राजस्थान विधानसभा चुनाव की तैयारियों के अगले दौर में मारवाड़ व मेवाड़ अंचल के अन्य कई जिलों के प्रवासी कपड़ा व्यापारी भी शामिल हो जाएंगे। इनके यहां से पहले टिकट के दावेदार व बाद में पार्टी प्रत्याशी भी सूरत आकर गए है। इन जिलों में खास तौर पर बीकानेर, जोधपुर, जैसलमेर, जालोर, सिरोही, नागौर के अलावा भीलवाड़ा, चित्तोडग़ढ़, प्रतापगढ़ आदि शामिल रहेंगे। यहां के मतदाता बड़ी संख्या में कपड़ा बाजार व अन्य व्यावसायिक क्षेत्रों में सक्रिय है और इनको भी योजनाबद्ध तरीके से अलग-अलग लिस्ट में शामिल कर निर्धारित विधानसभा क्षेत्र में मतदान के सिलसिले में बसों के माध्यम से ले जाया जाएगा।

Published on:
26 Nov 2018 09:20 pm
Also Read
View All