
सूरत
हीरा उद्योग में आगामी महीने से दिवाली वेकेशन शुरु होगा। दिवाली वेकेशन में ज्यादातर हीरा श्रमिक अपने वतन के लिए रवाना हो जाते हैं। इस परिस्थिति का लाभ लेकर चोरी जैसी घटनाएं बढ जाती है। इस मुद्दे पर चर्चा के लिए हीरा उद्यमियों ने पुलिस अधिकारियों के साथी मीटिंग का आयोजन किया है।
सूरत डायमंड एसोसिएशन के कार्यालय में शनिवार की सुबह दस बजे आयोजित मीटिंग में जिन क्षेत्रों में हीरा कारखाने हैं और हीरा श्रमिक रहते हैं ऐेसे चार क्षेत्र वराछा, महिधरपुरा, कतारगाम तथा कापोद्रा के पुलिस अधिकारी उपस्थित रहेंगे। सूरत डायमंड एसोसिएशन के सदस्यों का कहना है कि वह पुलिस अधिकारियों से वेकेशन के दिनों में हीरा श्रमिकों के क्षेत्र में गश्त बढाने की मांग करेंगे।
१५१ फीट का होगा ध्वज और चुनर
श्री अखिल भारतीय जीण माता सेवा संघ सूरत की ओर से रविवार को १४वीं ध्वज-चुनर यात्रा आयोजन किया जाएगा। इस बार ध्वज और चुनर १५१ फीट लंबे होंगे। संघ के गोविंद जिंदल ने बताया कि विशाल ध्वज २१ दिव्यांग बच्चों द्वारा मां बाण अंबा को अर्पित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रति वर्ष इस यात्रा में मां के सभी भक्त शामिल होते हैं। इसमें शहर की २३८ विभिन्न धार्मिक व समाजिक संस्थाओं का सहयोग मिलता है। सामाजिक समरसता में वाल्मिकी समाज की ११ मां स्वरूपा कन्याओं के चरण की कुमकुम चावल से पूजा की जाएगी। लक्ष्मी स्वरूपा बाण-जीण को १२१ गन्नों का महाभोग लगाया जाएगा। संघ के दिलीप पटेल ने बताया कि डॉयल १०० के प्रति सामाजिक जागृति लाने का प्रयास किया जाएगा। गंगाजल व तुलसी का वितरण तथा बेटी बचेगी तो सृष्टि रचेगी का संदेश दिया जाएगा। राजकोट से आने वाले कलाकार शरीर पर ५५१ दीपक बांध कर भव्य नृत्य आरती की प्रस्तुति देंगे। इसके अलावा माता की दिव्य झांकियां भी होंगी। सुबह नौ बजे पिंक सिटी अपार्टमेंट मॉडल टाउन पर समारोह शुरु होगा। यात्रा सुबह ११ बजकर ५१ मिनट पर प्रारंभ होगी। पिंकसिटी से केशवनगर चौकी, मारुति कॉम्प्लेक्स होते हुए लिम्बायत पुलिस स्टेशन के पास बाण माता मंदिर पर पहुंचेगी। मंदिर पर महाप्रसादी का आयोजन होगा।