सूरत

वराछा क्षेत्र में दूसरे दिन भी निगरानी, बस सेवा शुरू

पाटीदार बहुल इलाकों में तैनात रही पुलिस
2 min read
Aug 26, 2018
patrika
वराछा क्षेत्र में दूसरे दिन भी निगरानी, बस सेवा शुरू

सूरत. हार्दिक पटेल के अनशन को लेकर वराछा क्षेत्र में दूसरे दिन भी पुलिस का बंदोबस्त रहा। हालांकि रक्षाबंधन पर मनपा की ओर से बीआरटीएस और सिटी बस सेवा बहाल कर दी गई।


पाटीदारों को आरक्षण, किसानों का कर्ज माफ करने और युवाओं को रोजगार जैसी मांगों को लेकर पाटीदार आरक्षण आंदोलन समिति के समन्वयक हार्दिक पटेल ने शनिवार से अहमदाबाद में अनशन शुरू किया है। सूरत में किसी तरह की अप्रिय घटना नहीं हो, इसलिए पुलिस आयुक्त सतीश शर्मा ने शनिवार सुबह ही आंदोलन का केन्द्र रहे पाटीदार बहुल क्षेत्र वराछा में पुलिस तैनात कर दी थी। हालांकि शनिवार को किसी तरह की अप्रिय घटना नहीं हुई, इसके बावजूद रविवार को भी क्षेत्र में पुलिस बंदोबस्त जारी रखा गया। वराछा, कापोद्रा, सरथाणा, पूणागाम आदि क्षेत्रों में पुलिस के जवान तैनात रहे। शनिवार को बंद रखी गईं बीआरटीएस और सिटी बस सेवाएं रविवार को शुरू कर दी गईं।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है वराछा पुलिस

सूरत. पुलिस के भारी बंदोबस्त के बीच शनिवार रात वराछा क्षेत्र में हुई लूट के बाद पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर लुटेरों की खोज में जुटी हुई है। हीरा बाग सर्किल से सभी दिशाओं में जाने वाले रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।


मामले की जांच कर रहे पुलिस निरीक्षक एम.पी. पटेल ने बताया कि चारों लुटेरे २५-३० साल के थे। रात करीब पौने आठ बजे वह हीराबाग सर्किल के निकट गुरुकृपा कॉम्प्लेक्स मेंं तीसरी मंजिल पर रमेश घेवरिया के कारखाने में घुसे। उस वक्त रमेश, प्रबंधक करमशी, रत्न कलाकार विजय और किशोर कारखाने में मौजूद थे। लुटेरों ने चाकू हवा में लहराते हुए सारा कीमती सामान उनके हवाले करने को कहा। उन्होंने करमशी से एक लाख रुपए के हीरे और दस हजार रुपए नकद लूट लिए। करमशी ने विरोध किया तो उस पर चाकू से हमला किया गया। उन्होंने चारों के मोबाइल फोन भी ले लिए। लूट के बाद उन्होंने कारखाने का मुख्य दरवाजा बाहर से बंद कर दिया और फरार हो गए। रमेश और उसके कर्मचारियों ने मदद के लिए शोर मचाया तो आस-पास के व्यापारियों ने कारखाने का दरवाजा खोला। उन्होंने करमशी को निजी अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने हीरा बाग विट्ठलनगर सोसायटी निवासी रमेश की प्राथमिकी के आधार पर मामला दर्ज कर कॉम्पलेक्स की सीढ़ी में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज जुटाए।


शातिरों और कर्मचारियों की टोह


लूट की गुत्थी सुलझाने के लिए वराछा पुलिस ने इस तरह की वारदातों में लिप्त रहे शातिरों की टोह लेनी शुरू कर दी है। रमेश के और आस-पास के कारखानों में काम करने वाले कर्मचारियों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

Published on:
26 Aug 2018 07:33 pm