सूरत

नर्मदा सूखी, पानी की रंगत बदली मैदान में

सरकार की उदासीनता व सरदार सरोवर नर्मदा बांध से पर्याप्त मात्रा में पानी नर्मदा नदी में नहीं छोड़े जाने से वर्तमान में भरुच, नर्मदा और वड़ोदरा...
3 min read
• •
Updated: 18 Jun 2018, 10:11 PM IST
Narmada dry, changing the color of the water in the field
Narmada dry, changing the color of the water in the field

भरुच।सरकार की उदासीनता व सरदार सरोवर नर्मदा बांध से पर्याप्त मात्रा में पानी नर्मदा नदी में नहीं छोड़े जाने से वर्तमान में भरुच, नर्मदा और वड़ोदरा जिले में नर्मदा नदी मैदान में तब्दील हो गई है। कल-कल बहने वाली नर्मदा के सूखने से नदी के किनारे सफेद नमक की चादर बिछ गई है जिसके कारण आठ लाख से ज्यादा लोगों के जीवन व
रोजगार पर इसका गंभीर असर पड़ रहा है। भरुच व नर्मदा जिला नदी के खारे पानी की वजह से नुकसान का सामना कर रहा है। खेती, उद्योग, मत्स्य के साथ प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रोजगार सहित अन्य क्षेत्रों में इसका असर देखने को मिल रहा है।

भीषण गर्मी व पानी की कमी के बीच मई माह खत्म होने पर है। एक ओर मई माह के शुरुआत से मुख्यमंत्री विजय रुपाणी ने जल संचय अभियान की शुरुआत की थी। आज मई माह के अंत में गुजरात की जीवन रेखा माने जाने वाली नर्मदा नदी मैदान में तब्दील हो चुकी है। नर्मदा में पानी सूख जाने से भरुच व नर्मदा जिले के आठ लाख लोगंो पर इसका प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष असर देखने को मिल रहा है। इसके अलावा नर्मदा नदी की अस्मिता, उसके धार्मिक महत्व, लोगों की नदी से जुड़ी भावना, जल व जीव सृष्टि, पर्यावरण, खेती, उद्योग, मत्स्य सहित प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से सभी व्यवसाय और अन्य क्षेत्र आज रण में तब्दील बनी नर्मदा से बाधित हो गए हैं। पिछले चार साल से कमजोर मानसून के कारण राज्य सरकार ने उत्तर गुजरात व सौराष्ट्र में नर्मदा के पानी को पहुंचा कर वहां पर सुजलाम सुफलाम को बढ़ाने का काम किया, लेकिन सरदार सरोवर नर्मदा बांध के निचले क्षेत्र में नदी में पानी नहीं छोड़ कर नर्मदा को मृत करने का काम किया गया।

कंपनियों को भी आ रही क्षारीयता से दिक्कत

अंगारेश्वर के बाद नांद इन्टेकवेल से दहेज व विलायत के ४०० उद्योगों व वागरा तहसील के १० गांव की जनता को पानी प्रदान किया जाता है। इन दोनों इन्टेकवेल से जीआइडीसी प्रतिदिन ४० एमएलडी पानी उपलब्ध कराती है। नर्मदा नदी के सूखने व पानी में व्याप्त क्षारीयता के कारण टीडीएस, क्लोराइड, पीएच सहित अन्य मात्रा ज्यादा बढऩे से कंपनियों में ५० प्रतिशत पानी की कटौती की गई है। इस कारण कंपनियों को प्रतिदिन करोड़ों रुपए का नुकसान हो रहा है। दहेज के साथ अंकलेश्वर, झगडिया, पानोली जीआईडीसी में स्थित कंपनियां भी नर्मदा की क्षारीयता का शिकार हो रही है।

मध्यप्रदेश में मानसून अच्छा रहेगा तो ही बनेगी बात

इस बार मध्यप्रदेश में मानसून के अच्छा रहने पर ही बात कुछ बन सकती है। मध्यप्रदेश में होने वाली बारिश पर ही आस भरुच व नर्मदा जिले के निवासी लगाए बैठे हैं। पिछले वर्ष सरदार सरोवर नर्मदा बांध के ऊपरी क्षेत्र में ४५ प्रतिशत बारिश होने से नर्मदा बांध पूरी तरह भर नहीं पाया था, जिस कारण इस समय गुजरात में जल संकट के साथ बिजली उत्पादन में भी नुकसान का सामना करना पड़ रहा है। मध्यप्रदेश में बारिश अच्छी होने से सरदार बांध लबालब होगा और इस स्थिति में नर्मदा नदी दोनों किनारों से बह सकेगी तथा क्षारीयता की समस्या से मुक्ति मिल सकेगी।

नदी के किनारे पर लोग ले रहे सेल्फी

गुजरात सरकार ने भरुच की जनता को उसके घर के पास ही सफेद रण का जीवंत अहसास करा दिया है। नर्मदा के पानी को कच्छ तक भेजकर सरकार ने भरुच को आज भृगु कच्छ बना दिया है। आठ लाख लोगों का जीवन स्तर, सहित लघु उद्योगों को प्रभावित कर नर्मदा को सूखने की कगार पर ला दिया गया है। नदी किनारे क्षारीयता से नमक की चादर बिछ गई है जिस कारण भृगु कच्छ आज सफेद रण में तब्दील हो गया है। नदी के सूखे किनारे पर लोग परिवार व मित्रों के साथ सेल्फी खिंचा रहे हैं।

Published on: