
सूरत. शहर में सार्वजनिक परिवहन का जिम्मा देख रही सिटीलिंक ने छह नए रूट्स पर बस सेवाएं शुरू करने का ऐलान किया है। नई व्यवस्था में कुछ रूट्स को आगे तक बढ़ाया गया है, वहीं कुछ रूट्स बंद कर नए रूट्स पर बस सेवा दी गई है। इस व्यवस्था से अडाजण से वराछा के लिए सीधी कनेक्टिविटी के साथ ही प्राइम मार्केट के लोगों को रेलवे स्टेशन को बस सुविधा उपलब्ध होगी।
मनपा प्रशासन फिलहाल शहर में नौ कॉरिडोर पर बीआरटीएस बसों और 30 रूट्स पर सिटी बसों का संचालन कर रहा है। यात्रियों के बढ़ते दबाव और लोगों की जरूरत के साथ ही ट्रैफिक की संभावनाओं को देखते हुए सिटीलिंक ने छह नए रूट्स का ऐलान किया है। नए रूट्स शुरू होने से लोगों को सार्वजनिक परिवहन की बेहतर कनेक्टिविटी का लाभ मिलेगा। नए रूट्स में कोसाड इडब्ल्यूएस आवास एच-2 से खरवरनगर जंक्शन तक बस शुरू की जानी है। यह बस गजेरा सर्किल, कतारगाम दरवाजा, रेलवे स्टेशन, लीनियर बस स्टैंड, सहारा दरवाजा होते हुए खरवरनगर पहुंचेगी। इस रूट पर आठ बसें दौड़ाई जाएंगी, जो हर 12 मिनट पर सेवाएं देंगी। सोमेश्वर जंक्शन से अमेजिया के रूट को मॉडिफाई किया गया है। इसके बाद सोमेश्वर जंक्शन से रवाना हुई बस प्रमुख पार्क, डिंडोली, अमेजिया, खरवरनगर, कैनाल कॉरिडोर होते हुए सोमेश्वर जंक्शन पर संपन्न होगी। इस रूट पर 26 बसों को क्लॉक-एंटीक्लॉक वाइज चलाया जाएगा। हर आठ मिनट के अंतराल पर यात्रियों को बस सुविधा उपलब्ध रहेगी।
कामरेज टर्मिनल से सूरत स्टेशन के बीच चल रही एक्सप्रेस बस को सचिन जीआइडीसी तक बढ़ाया गया है। सूरत स्टेशन से आगे लीनियर बस स्टैंड, सहारा दरवाजा, उधना दरवाजा, उधना तीन रास्ता, पांडेसरा जीआइडीसी, उन इंडस्ट्रियल एस्टेट होते हुए बस सचिन जीआईडीसी तक जाएगी। इस रूट पर 24 बसें रहेंगी, जो आठ मिनट के अंतराल पर उपलब्ध होंगी। स्वामीनारायण चौक से कामरेज टर्मिनल के रूट को पाल आरटीओ तक बढ़ाया गया है। इससे अडाजण पाल के लोगों को वराछा के लिए सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी। इस रूट पर हर आठ मिनट के अंतराल पर 24 बसें दौड़ाई जाएंगी। चौक से उन इंडस्ट्रियल एस्टेट के रूट को गभेणी गांव तक बढ़ाया गया है। इस रूट पर सुबह-शाम के साथ ही स्कूल समय पर बसों को चलाया जाएगा। इस रूट पर 16 बसों को चलाने का निर्णय किया गया है।
रांदेर रूट पर हर 12 मिनट में बस
मनपा प्रशासन फिलहाल रूट नंबर तीन और चार अडाजण पाटिया से रेलवे स्टेशन वाया राजमार्ग तथा रिंगरोड बसों का संचालन कर रहा है। रूट एक और दो हाइ मोबिलिटी कॉरिडोर शुरू होने के बाद रूट तीन तथा चार को बंद करने का निर्णय किया गया है। इसकी जगह रेलवे स्टेशन से रांदेर गांव के लिए नया रूट शुरू किया गया है। इस रूट पर रेलवे स्टेशन से राजमार्ग होते हुए ऋषभ चार रास्ता, अमीधरा वाडी, स्नेह संकुल वाडी, प्राइम मार्केट, पालनपुर पाटिया से रांदेर गांव तक सात बसों का संचालन किया जाएगा। इस रूट पर हर 12 मिनट पर यात्रियों को बस सुविधा मिलेगी।