
सूरत।रेलवे एलसीबी पुलिस ने रविवार तडक़े सूरत स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या दो पर पुरी-अहमदाबाद एक्सप्रेस के जनरल कोच के शौचालय में गांजा लेकर आ रहे एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। उसके पास 44 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत दो लाख 64 हजार रुपए बताई गई है। इस मामले में ट्रेन में गांजा चढ़ाने तथा सूरत में खरीदने वाले दो जनों को वांटेड घोषित किया गया है।
सूत्रों के अनुसार रेलवे पुलिस अधीक्षक शरद सिंघल के निर्देशानुसार ट्रेनों में नशीले पदार्थ की हेराफेरी पकडऩे के लिए सूरत एलसीबी स्टाफ को अटैच कर एनडीपीएस स्क्वॉयड बनाई गई है। रेलवे पुलिस उप अधीक्षक जी.वी. पढ़ेरिया तथा एलसीबी उप निरीक्षक एम.एम. तलाटी को सूचना मिली थी कि पुरी-अहमदाबाद एक्सप्रेस में गांजे की खेप आने वाली है। रेलवे एनडीपीएस स्क्वॉयड की टीम ने रविवार तडक़े चार बजे सूरत स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या दो पर पुरी-अहमदाबाद एक्सप्रेस की जांच की।
पीछे के जनरल कोच में शौचालय के अंदर प्लास्टिक के बोरे में वनस्पति बरामद हुई। फोरेंसिक विभाग की टीम ने इसके गांजा होने की पुष्टि की। तलाशी के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा गया, जिसने अपना नाम विपिन कुमार श्रीनाथ शाहु (३४) बताया। वह ओडिशा के गंजाम जिले के पासी गांव का निवासी है। रेलवे एलसीबी पुलिस उसे गिरफ्तार कर थाने ले आई। उसके पास करीब 44 किलो गांजे के अलावा एक हजार 70 रुपए नकद तथा एक मोबाइल बरामद हुआ। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। उसे सोमवार को कोर्ट में रिमांड के लिए पेश किया जाएगा।
फूलपाडा ब्रिज के पास फेंकना था
पूछताछ में विपिन ने बताया कि पुरी-अहमदाबाद एक्सप्रेस पुरी से शाम ५.३० बजे रवाना हुई थी। इसके बाद कलीकोट स्टेशन पर रंजन पोल्लाई नाम के व्यक्ति ने उसे गांजा दिया था। एलसीबी पुलिस ने रंजन पोल्लाई को वांटेड घोषित किया है। रंजन ने विपिन से कहा था कि उधना स्टेशन पहुंचने के बाद वह उसे फोन करे। सूरत से ट्रेन रवाना होने के बाद फूलपाडा ब्रिज के नजदीक उसे गांजा नीचे फेंकना था। रेलवे एलसीबी पुलिस ने बताया कि उधना स्टेशन पहुंचने के बाद विपिन ने रंजन को फोन किया। रंजन ने उससे कहा कि सूरत से ट्रेन रवाना होने के बाद वह प्लास्टिक के बोरे से गांजा बैग में भर ले। सूरत वाशिंग लाइन मालियावाड के नजदीक उसे टॉर्च से सिग्नल दिया जाएगा, उसे गांजा उस जगह फेंकना है। विपिन कितनी बार पुरी से गांजे की खेप सूरत लेकर आया, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।