
बारडोली।प्रदेश भर में पानीपूरी और अखाद्य सामग्रियों के खिलाफ प्रशासन की ओर से कार्रवाई तेज कर दी गई है। वहीं कड़ोदरा नगरपालिका की ओर से इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं किए जाने पर पालिका में विपक्षी कांग्रेस हरकत में आ गई। कांग्रेस ने मंगलवार को पानीपूरी और अखाद्य सामग्री विक्रेता के खिलाफ कार्रवाई कर एकत्रित सामग्री के साथ पालिका कार्यालय पहुंचे, जहां विपक्ष ने पालिका प्रशासन के खिलाफ जमकर हंगामा किया। कांग्रेस ने पालिका के स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ रोष व्यक्त किया। वहीं कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगरपालिका प्रशासन से अखाद्य सामग्री बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
राज्य में फैल रही बीमारियों के चलते अलग-अलग शहरों में पानी पूरी सहित अखाद्य चीजें बेचने वालों और बनाने वालों पर छापेमारी की जा रही है। सूरत, बारडोली, व्यारा और अन्य नगरपालिकाओं की ओर से खास कर गंदे पानी और सड़े आलू, चने को नष्ट करने की कार्रवाई की गई। वहीं विपक्ष के कांग्रेस पार्षदों ने सूरत शहर से जुड़ी कड़ोदरा पालिका के भाजपा शासकों पर लोगों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूक नहीं होने का आरोप लगाया। पलसाना तहसील और कड़ोदरा शहर कांंग्रेस कार्यकर्ताओं ने अलग-अलग क्षेत्रों में जा कर पानीपूरी और अखाद्य सामग्री बेचने वाले लारी-गल्लों वालों के खिलाफ कार्रवाई की।
बाद में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लारी के साथ कड़ोदरा पालिका कार्यालय पहुंच जमकर हंगामा किया। इसमें सूरत जिला कांग्रेस के महामंत्री अजयसिंह देवधारा, पलसाना तहसील कांग्रेस प्रमुख भरत नायक, कड़ोदरा शहर कांग्रेस प्रमुख भगवान पढ़ीयार, वेपारी सेल के प्रमुख जिग्नेश मोदी सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पालिका के मुख्य अधिकारी को पानीपूरी और अखाद्य सामग्री बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को भी सेम्पल लेने की मांग की। कांग्रेस नेता जिग्नेश मोदी कहा कि कड़ोदरा क्षेत्र में गंदगी की समस्या मुख्य है।
राज्य भर में मौसमी बीमारियों के कारण हडक़ंप मच गया है। इसके बाद भी भाजपा शासित कड़ोदरा पालिका लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। अभी तक पालिका की ओर से पानीपूरी वालों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं किए जाने से लोगों में आक्रोश व्याप्त है। सूरत जिला कांग्रेस महामंत्री अजयसिंह देवधरा ने बताया किजहां कड़ोदरा शहर के गटर का पानी एकत्रित होता है उस कड़ोदरा पुलिस चौकी के पास ही मुख्यमंत्री अन्नपूर्णा योजना के तहत गरीबों को खाना दिया जा रहा है। वहां पर दो मिनट भी खड़ा रहना भी मुश्किल है। वहीं पालिका की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।