पुलिस ने किया मामला दर्ज
वलसाड. हाईवे पर एक होटल में चाय पीने बैठे चार युवकों पर दो लोगों ने सोडा की बोतल सिर पर मारकर घायल कर दिया। ग्रामीण पुलिस मामला दर्ज कर आगे की छानबीन में जुटी है। पुलिस के मुताबिक बीच-बचाव करने गए उसके दोस्तों के साथ भी मारपीट की और आरोपी दोनों जने वहां से भाग निकले।
बताया गया है कि गुंदलाव कोचर फलिया निवासी निकुंज पटेल अपने दोस्त दिनेश, केयुर और राहुल के साथ गणपति विसर्जन कर शुक्रवार रात हाइवे स्थित एक होटल मे चाय पी रहा था। इस दौरान रात करीब दस बजे अचानक भगवान पटेल वहां अपने साथी नवीन पटेल के साथ वहां पहुंचा और किसी पुरानी बात को लेकर निकुंज से झगड़ा करने लगा।
इस दौरान दोनों ने निकुंज के साथ मारपीट कर दी और वहां पडी सोड़ा की बोतल उठाकर उसके सिर पर मारकर घायल कर दिया। बीच-बचाव करने गए उसके दोस्तों के साथ भी मारपीट कर दोनों वहां से भाग निकले। घटना की जानकारी निकुंज के पिता जयेश पटेल को मिलने पर कई लोगों के साथ होटल पहुंचे और निकुंज को अस्पताल पहुंचाया। बाद में जयेश पटेल ने ग्रामीण थाने में भगवान और पटेल और नवीन पटेल के खिलाफ केस दर्ज कराया।
सफाई कर दिया संदेश
वापी. मोराई स्थित वेलस्पन द्वारा चलाए सफाई अभियान के तहत शनिवार को कंपनी कर्मचारियों ने मोराई और डुंगर फलिया इलाके में साफ सफाई की। कंपनी के अधिकारी जितेन्द्र मंडपे के नेतृत्व में कंपनी अधिकारी व कर्मचारियों ने मोहल्ले व सडक़ के आसपास जमे कूड़े कचरे की सफाई की। इस दौरान लोगों को पर्यावरण की सुरक्षा के लिए प्लास्टिक का उपयोग बंद करने के लिए भी अनुरोध किया गया। इस दौरान कंपनी के बृजेश शर्मा, निलेश सिंह, संजय अथाटे, निलेश गज्जर, प्रदीप सिंह,जितेन्द्र शर्मा समेत अन्य कर्मचारियों ने उत्साह के साथ अभियान में शामिल होकर लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया।