सूरत

रफ हीरों की कीमत में तीन प्रतिशत बढ़ोतरी

पिछली साइट में रफ हीरों की कीमत सात प्रतिशत घटी थी
2 min read
• •
Updated: 18 Jun 2018, 10:37 PM IST
file
रफ हीरों की कीमत में तीन प्रतिशत बढ़ोतरी


सूरत. डायमंड ट्रेडिंग कंपनी की सोमवार से शुरू हुई साइट में रफ हीरों की कीमत में तीन प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। पिछली साइट में रफ हीरों की कीमत सात प्रतिशत घटी थी।
हीरा उद्योग के सूत्रों के अनुसार सोमवार से शुरू हुई डीटीसी की साइट गुरुवार तक चलेगी। हीरा उद्यमियों का कहना है कि जून में हीरों के दाम बढऩा अपेक्षित था, क्योंकि इन दिनों अमरीका, यूरोप सहित कई देशों के साथ भारत में भी कट-पॉलिश्ड हीरों और डायमंड ज्वैलरी की डिमांड में उछाल आने से रफ हीरों की मांग बढ़ जाती है। हीरा उद्यमियों के लिए यह अच्छे संकेत हैं। पिछले महीने मंदी के कारण रफ हीरों की कीमत सात प्रतिशत घटी थी। हीरा उद्यमी महेन्द्र नावडिय़ा ने बताया कि आगामी दिनों में शादी-ब्याह और त्योहार के कारण घरेलू बाजार में हीरों की मांग बढ़ेगी।
कुलपति के खिलाफ मालधारी समाज का विरोध प्रदर्शन
सिंडीकेट सदस्य भावेश रबारी के साथ पीएचडी के रजिस्ट्रेशन को लेकर कुलपति की ओर से कई गई कथित जातिगत टिप्पणी को लेकर सोमवार को आक्रोशित मालधारी समाज ने विश्वविद्यालय पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया और कुलपति के इस्तीफे की मांग की।
सोमवार सुबह बड़ी संख्या में मालधारी समाज के लोग बैनरों के साथ वीर नर्मद दक्षिण गुजरात विश्वविद्यालय पहुंचे और कुलपति डॉ.शिवेन्द्र गुप्ता के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। विश्वविद्यालय प्रशासन की सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई और विश्वविद्यालय का गेट बंद कर दिया गया। प्रदर्शनकारियों ने अंदर प्रवेश करने की कोशिश की तो कइयों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। एक से डेढ़ घंटे तक प्रदर्शनकारी हंगामा मचाने के साथ कुलपति के इस्तीफे की मांग करते रहे। गौरतलब है कि सिंडीकेट सदस्य और कांग्रेस पार्षद भावेश रबारी का पीएचडी का आवेदन विश्वविद्यालय की ओर से रद्द कर दिए जाने पर रबारी इसका कारण पूछने कुलपति के पास गए तो उनके बीच विवाद हो गया। आरोप है कि कुलपति ने भावेश पर जातिगत टिप्पणी की।

Published on: