सूरत

तुलसी पदयात्रा में गूंजे जयकारे

श्रीसुरभि शक्ति आराधना महोत्सव की आज से शुरुआत
2 min read
Oct 10, 2018
patrika
तुलसी पदयात्रा में गूंजे जयकारे

सूरत. नवरात्र पर्व के उपलक्ष में पथमेड़ा गोधाम महातीर्थ सूरत इकाई की ओर से संत स्वामी दत्तशरणानंद महाराज के सानिध्य में मंगलवार को तुलसी पदयात्रा का आयोजन किया गया। पदयात्रा में सैकड़ों गोभक्त महिला-पुरुष शामिल हुए। वहीं, श्रीसुरभि शक्ति आराधना महोत्सव की शुरुआत बुधवार सुबह आयोजन स्थल सिटीलाइट में सूर्यप्रकाश रेजिडेंसी के पास श्रीरामचरित मानस नवाह्न पारायण पाठ से की जाएगी।
दस दिवसीय महोत्सव के मनोरथी गजानंद कंसल समेत अन्य गोभक्तों की उपस्थिति में तुलसी पदयात्रा की शुरुआत मंगलवार शाम सिटीलाइट में सच्चियाय माता मंदिर से की गई। यात्रा में बग्गी, ऊंटगाड़ी, झांकियों के अलावा सैकड़ों महिलाएं तुलसी पात्र के साथ शामिल हुई। बाद में यात्रा में शामिल सभी श्रद्धालु बैंज-बाजे पर गूंजते भक्तिगीतों पर नाचते-गाते आयोजन स्थल पहुंचे। इस दौरान अखण्ड गो ज्योति रथयात्रा भी तुलसी पदयात्रा के साथ रही। बाद में आयोजन स्थल पर स्वामी दत्तशरणानंद महाराज समेत अन्य संतवृंद के सानिध्य में गो पूजन व आरती के आयोजन किए गए। महोत्सव के दौरान मलूक पीठाधीश्वर राजेंद्रदास देवाचार्य महाराज, ब्रह्मसावित्री पीठाधीश्वर तुलसाराम महाराज, वेदव्यास प्रतिष्ठान, पुणे के गोविंददेवगिरी महाराज, स्वामी गिरीशानंद महाराज समेत अन्य कई संतवृंद मौजूद रहेंगे।


यूं चलेगा कार्यक्रमों का दौर


महोत्सव में बुधवार से प्रतिदिन सुबह साढ़े छह बजे से श्रीमानस मंडल की ओर से श्रीरामचरित मानस नवाह्न पारायण पाठ, सुबह दस बजे से श्रीगंगाधर पाठक व वेदज्ञ विप्रों के सानिध्य में श्रीसुरभि शतचंडी महायज्ञ, दोपहर एक बजे से त्र्यंबकेश्वर चैतन्य महाराज के मुखारविंद से श्रीमद्देवीभागवत पुराण कथा, शाम पांच बजे 52 गोमाता का गोभक्त मनोरथियों द्वारा गोपूजन सहस्रार्चन होंगे। इसके अलावा 13 से 15 अक्टूबर तक शाम साढ़े सात बजे से राधाकृष्ण महाराज नानीबाई को मायरो की प्रस्तुति देंगे।

51 मीटर लम्बी चुंदड़ी चढ़ाएंगे


सूरत. स्थानीय श्रद्धालुओं का दल बूंदी के चौथमाता मंदिर में 51 मीटर लम्बी चुंदड़ी शुक्रवार को बाजे-गाजे के साथ चढ़ाई जाएगी। श्रीशिव कीर्तन मंडल के संरक्षक शोभाराम गुलाबवानी ने बताया कि नवरात्र पर्व के मौके पर सूरत से कई श्रद्धालु बूंदी से पांच किमी दूर चौथमाता मंदिर में चुंदड़ी अर्पित करेंगे। इस अवसर पर बैंड-बाजे के साथ बूंदी शहर में शुक्रवार सुबह शोभायात्रा निकाली जाएगी। इस मौके पर विशेष रूप से जिला कलक्टर महेशचंद्र शर्मा, पूर्व मंत्री हरिमोहन शर्मा समेत अन्य कई मेहमान मौजूद रहेंगे।

बच्चों को बांटी जरूरी सामग्री


नवरात्र पर्व के उपलक्ष में मंगलवार दोपहर मगोब प्राथमिक शाला के बच्चों को दैनिक उपयोगी वस्तुओं की किट वितरित की गई। कार्यक्रम संयोजक महेंद्रसिंह राजपुरोहित ने बताया कि शाला के ढाई सौ बच्चों को दैनिक उपयोग की 20 वस्तुओं की किट वितरण के दौरान विश्व हिन्दू परिषद के प्रांत संगठन मंत्री विक्रमसिंह भाटी, कैलाशचंद मोहता, रमेश रबारी, मनीषा राठौड़, सुनील बाहेती, मदन चांडक, कपिल टावरी, अशोक राठी समेत अन्य कई लोग मौजूद थे।

Updated on:
10 Oct 2018 06:46 pm
Published on:
10 Oct 2018 06:46 pm